अखिलेश बोले- भाजपा जाएगी तो बनारस मुस्कुराएगा:कहा- दोनों MLC सीट जिताकर बाबा विश्वनाथ ने डबल आशीर्वाद दिया, लखनऊ वाले दिल्ली वालों को धोखा दे रहे

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव मंगलवार को वाराणसी पहुंचे। यहां उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, “भाजपा जाएगी तो बनारस मुस्कुराएगा। भाजपा जाएगी तो हमारा किसान मुस्कुराएगा, युवा मुस्कुराएंगे।” अखिलेश काशी की शिक्षक और स्नातक, दोनों एमएलसी सीटों पर सपा की जीत के बाद पहली बार वाराणसी पहुंचे थे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी तंज कसा। कहा, “काशी को क्योटो तो नहीं बना पाए, लेकिन कम से कम क्योटो की तस्वीर ही लगा देते। क्योटो की तस्वीर क्यों नहीं लगाई?” एयरपोर्ट पर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान अखिलेश ने कहा, “बाबा विश्वनाथ जी ने आशुतोष सिन्हा को जिताया, लाल बिहारी को जिताया। बाबा विश्वनाथ ने दोहरा आशीर्वाद दिया।” अब अखिलेश की बड़ी बातें पढ़िए… 1- मुख्यमंत्री के स्वजातीय अत्याचार कर रहे: पीडीए समाज पर मुख्यमंत्री स्वजातीय लोगों के अत्याचार की एक घटना नहीं है। बुलडोजर की कार्रवाई नहीं हो रही है। दालमंडी के लोगों ने भाजपा को दंड दिया है। आरक्षण घोटाला, पेपर लीक, मणिकर्णिका घाट, दालमंडी… ये कोई भूल सकता है क्या? 2- मणिकर्णिका घाट की विरासत मिटाने की कोशिश की: भाजपा ने मणिकर्णिका घाट से लेकर के पाल समाज पर जो लाठी चलाई वो सबको याद है। यहां की संस्कृति और विरासत को मिटाने की कोशिश की है, एमएलसी चुनाव में उसका जवाब मिला है। 3- असली अराजक भाजपा है: भाजपा के लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ पदयात्रा पर कहा- असली अराजकता कहां है? मेडिकल में है। आप सोचिए बांदा में एक नवजात बच्चे को कुत्ता नोच ले गया। ये कौन सुन सकता है? और बरेली में अभी देश के मंत्री आए हैं। बरेली से आगे चले जाएं, शाहजहांपुर क्यों नहीं जाते हैं? 4- केंद्र सरकार को लखनऊ वाले धोखा दे रहे: केंद्र की सरकार को लखनऊ वाले धोखा दे रहे हैं। भाजपा जब जाएगी तो बनारस मुस्कुराएगा। समाजवादी सरकार में मेट्रो बनाने का काम करेंगे। 5- बागेश्वर बाबा पर कहा- नकली सनातनियों के बयानों से लोग दुखी समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र शास्त्री के भगवान श्रीकृष्ण और भगवान श्रीराम को लेकर दिए गए बयानों पर भाजपा को घेरा। उन्होंने कहा, “हमारे बाबा विश्वनाथ और केदारेश्वर भगवान हैं। हमने तो अपने घर पर केदारेश्वर मंदिर बनवाया है। बिना हाथ जोड़े और पूजा किए हम कहीं नहीं निकलते।” अखिलेश ने कहा, “मैं तो चाहूंगा कि इन नकली सनातनियों को रोका जाए। भगवान श्रीकृष्ण के बारे में ये क्या कह रहे हैं? इससे देश ही नहीं, पूरी दुनिया के लोग दुखी हैं। अब तो प्रभु श्रीराम के बारे में भी क्या-क्या कह रहे हैं।” अखिलेश ने काशी के बुनकरों और मां गंगा का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने सवाल किया कि सरकार ने बनारस के बुनकरों का हाल क्यों नहीं पूछा? आरोप लगाया कि सरकार ने न केवल मां गंगा को भुला दिया, बल्कि उनके साथ धोखा भी किया है। अखिलेश ने 3 काम किए… दिवंगत कार्यकर्ता के परिवार से मिले अखिलेश एयरपोर्ट से सीरगोवर्धनपुर गांव पहुंचे। यहां उन्होंने पूर्व जिला उपाध्यक्ष राजेश कुमार यादव उर्फ नत्थू के आकस्मिक निधन पर उनके परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। बीमार पूर्व जिलाध्यक्ष का हाल जाना अखिलेश यादव युवजन सभा के प्रदेश सचिव अजय फौजी के घर पहुंचे। यहां उन्होंने लंबे समय से बीमार चल रहे उनके पिता और सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सतीश फौजी का हालचाल लिया। सुंदरपुर में पदाधिकारियों के साथ बैठक पूर्व मुख्यमंत्री सुंदरपुर स्थित लता कुंज में पूर्व IRS अधिकारी राजेश सिंह के आवास भी पहुंचे। यहां पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक में MLC चुनाव के नतीजों, संगठन की स्थिति और आगे की रणनीति पर चर्चा की। बैठक में PDA की राजनीतिक गतिविधियों को लेकर भी बातचीत हुई। —————— ये खबर भी पढ़िए… शंकराचार्य बोले- श्रीकृष्ण पर टिप्पणी करने वाला मूर्ख:धीरेंद्र शास्त्री ने कहा था- हमारे राम सीधे, तुम्हारे कृष्ण 3 जगह से टेढ़े काशी में आज से तीन दिवसीय संस्कृति संसद शुरू हो गई। रुद्राक्ष अंतरराष्ट्रीय सहयोग एवं कन्वेंशन सेंटर में हो रही इस संसद का शुभारंभ संतों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। पढ़ें पूरी खबर…