बसपा प्रमुख मायावती के भतीजे आकाश आनंद ने आगरा के एत्मादपुर में रैली की। इस दौरान मंच पर मायावती जैसा प्रोटोकॉल नजर आया। सिर्फ एक सोफा लगा था, पीछे की तरफ कुर्सियां लगी हुईं थी। आकाश ने कहा- हमें विरोधियों के समदाम दंड भेद में नहीं फंसना है। आपको गुमराह करने के लिए पूरी बारात आएगी। कुछ लोग गुजरात से तो कुछ मठ से बाहर आएंगे। कुछ लोगों के लिए सैफई बहुत प्यारी है, लेकिन वे भी सैफई छोड़कर अब आगरा आएंगे। उन्होंने कहा- इस देश में एक वक्त ऐसा भी था, जब हमारे समाज के लोगों का मंच पर खड़ा होना तो दूर, मंच के सामने कुर्सी पर बैठना भी लोगों को मंजूर नहीं था। फिर बाबा साहब का संविधान आया। उस संविधान ने कहा-एक इंसान, एक वोट और एक कीमत। आकाश की रैली में कई बसपा समर्थक साइकिल से पहुंचे। आकाश एत्मादपुर विधानसभा से प्रत्याशी की घोषणा भी करेंगे। बसपा इस सीट पर सर्वेश बघेल को प्रत्याशी घोषित करेगी। वहीं, पार्टी खेरागढ़ सीट से नीरज रावत को पहले ही प्रत्याशी घोषित कर चुकी है। बसपा इस जनसभा के जरिए आगरा में अपने परंपरागत दलित वोट बैंक को दोबारा एकजुट करने और संगठन को चुनावी मोड में लाने का संदेश देना चाहती है। आगरा में 9 विधानसभा सीटे हैं, इसमें 2022 में भाजपा ने सभी पर जीत हासिल की थी। हालांकि, 2007 और 2012 में पार्टी ने 6-6 सीटें जीतकर अपना झंडा बुलंद किया था।