आगरा में बारिश से 2 मंजिला दुकान ढही, 6 दबे:काले बादलों में छिपा ताजमहल; मथुरा में कल 8वीं तक स्कूल बंद; यूपी के 71 शहरों में बरसात

यूपी में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। 24 घंटे में 71 जिलों में बारिश हुई। आगरा में बुधवार दोपहर अंधेरा छा गया। बादलों में ताजमहल छिप गया। बारिश के बीच दो मंजिला दुकान ढह गई। हादसे में 6 लोग मलबे में दब गए। इनमें से 5 को सुरक्षित निकाल लिया गया, जबकि एक महिला लापता है। बारिश के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। मथुरा में भी बारिश के बीच एक जर्जर मकान की दीवार ढह गई। इससे 3 लोग घायल हो गए। प्रयागराज में खेत में काम कर रहे दो लोगों की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। लखनऊ में बुधवार दोपहर 3 बजे दिन में अंधेरा छा गया। इसके बाद से आंधी के साथ तेज बारिश हुई। नोएडा में इतनी बारिश हुई कि सड़कों पर 2 फीट तक पानी भर गया। राहगीरों की बाइकें पानी में फंसकर बंद हो गईं। हाथरस में सदर कोतवाली में पानी भर गया। सड़कों पर बहाव इतना तेज था कि कारें और बाइकें बहने लगीं। बीते 24 घंटे में सबसे ज्यादा चित्रकूट में 72.8 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य 7.1 मिमी से 925 प्रतिशत ज्यादा है। 1 जून से अब तक प्रदेश में 40 प्रतिशत कम बारिश हुई है। गुरुवार को पूरे प्रदेश में बारिश की संभावना है। बारिश के चलते मथुरा-हाथरस में 8वीं तक के स्कूल गुरुवार को बंद रहेंगे। मौसम की तस्वीरें देखिए- वाराणसी के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- बंगाल की खाड़ी से बना बारिश का सिस्टम अब मध्य प्रदेश के आसपास पहुंच गया है। इसका असर यूपी में भी पड़ रहा है। इसलिए प्रदेश में मानसून ने जोर पकड़ लिया है। अगले 5 दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। यूपी में मौसम के पल-पल अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए….