12 साल का छात्र चिल्लाया-मेरा किडनैप हो गया, मुझे बचाओ:गोरखपुर में मम्मी-मामा घर ले जा रहे थे; पढ़ने में मन नहीं लगता था

गोरखपुर में स्कूल जाने से बचने के लिए 12 साल के बच्चे ने किडनैप होने का ड्रामा किया। गर्मियों की छुटि्टयां खत्म होने पर मां अपने बेटे को लेने नानी के घर पहुंची। मंगलवार रात करीब 10 बजे मां, बेटे और अपने भाई के साथ बाइक ससुराल लौटने लगी। ननिहाल से करीब 100 मीटर आगे बढ़ते ही बच्चा जोर-जोर से चिल्लाने लगा। कहने लगा- मेरा किडनैप हो गया है। मुझे बचाइए। बाइक पर जो आदमी और औरत बैठे हैं, ये किडनैपर हैं। मुझे किडनैप करके लेकर जा रहे हैं। बेटा करीब 5 किलोमीटर तक यही चिल्लाता रहा। उसका शोर सुनकर राह चल रहे लोग और घरों की महिलाएं बाहर आ गईं। उन्होंने पुलिस को सूचना दे दी। बच्चे के किडनैप की जानकारी होने पर 2 थानों की पुलिस दौड़ पड़ी। सीसीटीवी देखते हुए पुलिस रात करीब 1 बजे एक घर में पहुंची। जहां बच्चा मिला, उन लोगों से पुलिस ने पूछताछ की। बच्चे से भी बात की। बच्चे ने बताया- मेरा पढ़ाई में मन नहीं लगता। घर जाता, तो वहां मुझे पढ़ना पड़ता। इसीलिए मैंने चिल्लाया। मुझे नानी के घर जाना है, मम्मी-पापा के घर नहीं रहना। इसके बाद बच्चे को नानी के घर भेज दिया गया। मामला चिलुआताल थाना क्षेत्र का है। अब विस्तार से जानिए पूरा मामला… शास्त्रीनगर कॉलोनी में रहने वाले भारत भूषण शुक्ला एक प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं। उनका 12 साल का बेटा आर्यन कक्षा-6 का छात्र है। गर्मियों की छुटि्टयों में वह घर से करीब 5 किमी दूर राप्तीनगर स्थित अपने मामा रवि मिश्रा के घर गया था। सोमवार को रवि ने फोनकर भारत भूषण को बताया कि आर्यन यहां पढ़ाई-लिखाई नहीं करता। पूरा दिन घूमता रहता है। मंगलवार शाम करीब 6 बजे आर्यन की मां शालिनी उसे लेने अपने भाई के घर पहुंचीं। रात करीब 10 बजे वह अपने भाई रवि के साथ बाइक से आर्यन को लेकर घर के लिए निकलीं। तीनों जैसे ही घर से थोड़ी दूर पहुंचे, बाइक पर बीच में बैठा आर्यन जोर-जोर से चिल्लाने लगा। रात 11 बजे 2 थानों की पुलिस दौड़ी रात करीब 11 बजे राप्तीनगर कॉलोनी में चिलुआताल और शाहपुर थाने की पुलिस फोर्स के साथ पहुंची। पूछताछ करने पर पता चला कि एक बच्चा बाइक पर चिल्लाते हुए जा रहा था। पुलिस ने आस-पास लगे सीसीटीवी की फुटेज देखी। इसमें बाइक पर युवक और महिला के साथ बच्चा दिखा। सीसीटीवी देखते हुए पुलिस शास्त्रीनगर स्थित शालिनी के घर पहुंच गई। रात करीब 2 बजे पुलिस को देखकर घरवाले घबरा गए। पुलिस ने परिवार से पूछताछ कर बच्चे के चिल्लाने और किडनैप करने के बारे में पूछा। तब मां शालिनी ने सारी कहानी बताई। आर्यन बोला- मेरा पढ़ाई में मन नहीं लगता पुलिस की पूछताछ में आर्यन ने बताया- मेरा पढ़ाई में मन नहीं लगता। इस वजह से मैं अपने मम्मी-पापा के पास नहीं जाना चाहता। इसीलिए जब मुझे मेरे मामा और मम्मी शास्त्रीनगर ले जा रहे थे, तो मैं बचाओ-बचाओ चिल्लाने लगा। मम्मी और मामा को किडनैपर इसलिए कहा, जिससे वो लोग मुझे नानी के पास ही छोड़ दें। रात करीब 3 बजे तक पूछताछ चली। इसके बाद घरवालों ने बच्चे को फिर से मामा के घर पहुंचा दिया। चिलुआताल थाना प्रभारी सूरज सिंह ने बताया- बच्चे के अपहरण की सूचना मिली थी। सीसीटीवी की मदद से घर तक पहुंचे, तो मामला कुछ और ही निकला। बच्चा घरवालों के साथ था। वह मामा के घर रहना चाहता है। परिजन घर ले जा रहे थे, इसलिए वह चिल्लाने लगा। ————————– ये खबर भी पढ़िए- राम मंदिर चोरी-पुलिस को चंदे की फर्जी रसीद बुक मिली, आरोपियों ने पैसे ऐंठने की बात कबूली; गोपाल राव बोले- मैं ट्रस्ट से बाहर नहीं अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी के तीन आरोपियों लवकुश मिश्रा, अनुकल्प मिश्रा और करुणेश पांडेय को पुलिस ने 40 घंटे की रिमांड पर लिया है। पूछताछ के दौरान पुलिस को आरोपियों से श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र की पुरानी फर्जी रसीद बुक मिली है। यह रसीद हूबहू असली की तरह दिखती है। पढ़ें पूरी खबर