आगरा में 7 लोगों 2.26 करोड़ की ठगी:कंपनी में निवेश कर पैसे दोगुने करने का दिया झांसा, चेक और एग्रीमेंट निकले फर्जी

आगरा में पैसे दोगुने करने का सपना दिखाकर आगरा के 7 लोगों से 2 करोड़ 26 लाख 75 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी गैंग ने SBNL वर्ल्ड नाम की फर्जी निवेश कंपनी बनाकर पहले भरोसा जीता, फिर सुरक्षा के नाम पर हस्ताक्षर किए चेक देकर करोड़ों समेट लिए। अब पैसा मांगने पर आरोपी मृत वकील के नाम से फर्जी एग्रीमेंट बनाकर टालमटोल कर रहे हैं। थाना ताजगंज में 7 पीड़ितों ने 6 आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। घर बुलाकर बुना जाल, योजनाबद्ध तरीके से की ठगी
FIR के मुताबिक सत्यप्रकाश तितल, वर्षा तितल, विक्रम तितल, विशाल तितल निवासी ए-ब्लॉक कमला नगर, युवराज सिंह व सपना सिंह निवासी डायमंड हिल चमरोली शमशाबाद रोड, और राहुल सोनी व कुशुमलता निवासी एमआईजी-106 इंदिरा पुरम ने पीड़ितों को कमला नगर स्थित घर पर आमंत्रित किया। आरोपियों ने बताया कि वे SBNL वर्ल्ड कंपनी संचालित करते हैं जो भारत में निवेश कर अचल संपत्ति में पैसा लगाती है। 15, 19 और 30 माह की स्कीम में पैसा दोगुना करने का प्रलोभन दिया गया। पहले दिया भरोसा, फिर चेक देकर फंसाया
आरोपियों ने विश्वास जमाने के लिए शुरुआत में कुछ भुगतान किया। इसके बाद पीड़ितों से और निवेश कराया। सुरक्षा के नाम पर आरोपियों ने अपने हस्ताक्षर किए चेक दिए और कहा- जैसे-जैसे हम पैसा देंगे, आप चेक वापस कर देना। जनवरी 2023 से नवंबर 2025 तक पीड़ित बैंक खाते और नकद के जरिए पैसा देते रहे। फर्जी एग्रीमेंट और मृत वकील के नाम पर धोखा
पैसा मांगने पर आरोपी 5 जनवरी 2026 को मिले और 6 जनवरी को शपथपत्र देकर मार्च 2026 तक भुगतान का वादा किया। पैसा न मिलने पर 16 मार्च 2026 को नया एग्रीमेंट दिया और अप्रैल में भुगतान की बात कही। 10 अप्रैल 2026 को आरोपी युवराज ने आवास विकास सेक्टर-4 स्थित घर पर बुलाया। वहां राहुल सोनी व सत्यप्रकाश मौजूद थे। कहा- अभी पैसे नहीं हैं। 11 अप्रैल को तय जगह पर सत्यप्रकाश नहीं पहुंचा। युवराज व राहुल ने 20 अप्रैल की तारीख वाला नया एग्रीमेंट दिया। साथ ही विक्रांत तितल के खाते से 1 करोड़ का चेक दिया। जब पीड़ित मनीष शर्मा 4 मई 2026 को एग्रीमेंट नोटरी कराने पहुंचे तो पता चला कि नोटरी अधिवक्ता की काफी पहले मृत्यु हो चुकी है। यानी आरोपी फर्जी दस्तावेज देकर टाल रहे थे। केस दर्ज, जांच शुरू
पीड़ितों की तहरीर पर थाना ताजगंज में केस दर्ज कर लिया गया है। पीड़ितों का आरोप है कि गैंग की नीयत शुरू से खराब थी। जानबूझकर निवेश के नाम पर ठगा और फर्जी एग्रीमेंट बनाकर अनुचित लाभ कमाया। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। किससे कितनी ठगी: कुल 2.26 करोड़
1. मनीष शर्मा व पत्नी: 43,45,000 रुपये
2. मनीष देवनानी व पत्नी: 22,40,000 रुपये
3. दीपक गुप्ता व पत्नी: 15,10,000 रुपये
4. अभिषेक शर्मा व पत्नी: 25,80,000 रुपये
5. विभव वर्मा: 85,00,000 रुपये
6. अनिल कुमार मिश्रा: 27,00,000 रुपये
7. रंजन चतुर्वेदी: 8,00,000 रुपये
कुल रकम: 2,26,75,000 रुपये