यूपी में स्कूल नदी में समाया, 100 बीघा फसल बर्बाद:बारिश से नदियां उफान पर, मेडिकल कॉलेज की OPD में घुसा पानी; 25 शहरों में अलर्ट

पहाड़ों पर भारी बारिश से यूपी में नदियां उफान पर हैं। गंगा और यमुना समेत 10 से ज्यादा नदियां खतरे के निशान के करीब बह रही हैं। घाघरा और शारदा समेत 4 नदियां खतरे का निशान पार कर चुकी हैं। बलिया में सरयू नदी के किनारे कटान से एक मकान और सरकारी स्कूल पानी में समा गया। गोंडा में 100 बीघा से ज्यादा फसल घाघरा के पानी में डूब गई है। लोग नदी के किनारे बने अपने कच्चे मकानों को तोड़कर अस्थायी घरों में रहने को मजबूर हैं। सरयू और घाघरा के बढ़ते जलस्तर की वजह से सीतापुर, पीलीभीत, लखीमपुर और बहराइच के रिहायशी इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। पानी के साथ बहकर आ रहे मगरमच्छ लोगों के घरों में घुस रहे हैं। रविवार सुबह से लखनऊ, बाराबंकी, आगरा समेत ज्यादातर शहरों में मौसम साफ है। धूप के बीच में बादलों की आवाजाही जारी है। मौसम विभाग (IMD) ने आज 25 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। वाराणसी-प्रयागराज समेत 8 जिलों में बिजली गिरने की आशंका है। इससे पहले, शनिवार को वाराणसी, प्रयागराज, कानपुर और मेरठ समेत 20 शहरों में बारिश हुई। कानपुर में गलियां तालाब बन गईं। घरों में बरसाती पानी घुस गया। मेरठ में मेडिकल कॉजेल में पानी भर गया। OPD के गेट पर घुटनों तक पानी में मरीज चलते दिखाई दिए। लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- मानसून रेखा का दक्षिण की ओर खिसकने और बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के कमजोर होने से बारिश की गतिविधियों में कमी देखी गई है। मानसूनी सक्रियता फिलहाल पश्चिम-मध्य भारत की तरफ शिफ्ट हो गई है। ऐसे में कल से हालात बदलने लगेंगे। 27 और 28 जुलाई से मानसून एक बार फिर सक्रिय होगा। प्रदेश में आज कहां-कहां बारिश के आसार, देखिए यूपी में मौसम के पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…