एटा में पुलिस ने मुठभेड़ में एक लाख के इनामी बदमाश वीरेंद्र को मार गिराया। फायरिंग के दौरान वीरेंद्र के सीने में गोली लगी। इस दौरान उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया। मुठभेड़ में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। पुलिस ने मौके से पिस्टल, कारतूस और चोरी की बाइक बरामद की है। फरार बदमाश की तलाश की जा रही है। मुठभेड़ मंगलवार शाम 6 बजे कोतवाली पिलुआ क्षेत्र में हुई। सर्राफा कारोबारी को लूटा था पुलिस के अनुसार, वीरेंद्र ने एटा के अलीगंज में ज्वेलर संजय यादव से लूट की थी। संजय की मेवाती मोहल्ले में मां सरस्वती ज्वेलर्स के नाम से दुकान है। 22 अक्टूबर को बदमाशों ने इसी दुकान से 10 किलो चांदी, 250 ग्राम सोना और एक लाख रुपए लूट लिए थे। पुलिस ने बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए 6 टीमें लगाई थीं। एडीजी आगरा जोन एसके भगत ने 25 अक्टूबर को वीरेंद्र पर एक लाख रुपए का इनाम रखा दिया था। 53 मुकदमे दर्ज, मैनपुरी का रहने वाला था वीरेंद्र वीरेंद्र मूल रूप से मैनपुरी जिले के हरचंदपुर का रहने वाला था। उसके खिलाफ कई जिलों में 52 मुकदमे दर्ज थे। उसके भाई पर भी 25 मुकदमे दर्ज हैं। इतना ही नहीं, वीरेंद्र की पत्नी भी लूट के एक मामले में जेल जा चुकी है। उस पर मैनपुरी में एक महिला की गोली मारकर हत्या करने का आरोप था। पुलिस के अनुसार, वीरेंद्र ने 21 अक्टूबर को उन्नाव में एक बाइक चोरी की थी। अगले दिन अलीगंज में ज्वेलर से लूट करने में इसी बाइक का इस्तेमाल किया था। सुन्ना नहर के पास शाम 6 बजे हुई मुठभेड़ एसएसपी डॉ. इलामारन ने बताया- वीरेंद्र पर एक लाख रुपए का इनाम घोषित था। उसे पुलिस तलाश कर रही थी। मंगलवार शाम वह बाइक पर अपने साथी के साथ जाता दिखाई दिया। पुलिस टीम के रोकने पर वीरेंद्र ने गोलियां चलाने लगा। जवाब में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं। इसमें एक गोली वीरेंद्र के सीने में लगी और वह गिर पड़ा। जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया। घायल वीरेंद्र को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ में घायल सिपाही सत्यपाल को भी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने 1,000 CCTV की फुटेज खंगाली पुलिस ने ज्वेलर के यहां लूट करने वाले बदमाशों की पहचान और तलाश करने के लिए करीब एक हजार सीसीटीवी की फुटेज खंगाली। इसके बाद सर्विलांस की मदद से उसकी तलाश कर रही थी। ————————- ये खबर भी पढ़ेंः- लखीमपुर में 8 साल के बच्चे को खा गया तेंदुआ: मां की आंखों के सामने दबोचा, दो घंटे बाद 1 किमी दूर आधी बॉडी मिली लखीमपुर में सोमवार शाम 8 साल के बच्चे को तेंदुआ खा गया। मां घर के अंदर खाना बना रही थी, बच्चा बाहर खेल रहा था। तभी तेंदुए ने झपट्टा मारकर बच्चे को दबोच लिया। बच्चे के चीखने-चिल्लाने पर मां बाहर की तरफ दौड़ी। शोर मचाया, लेकिन तेंदुआ उसकी आंखों के सामने से उठा ले गया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस और वन विभाग को सूचना दी गई। करीब 2 घंटे बाद बच्चे का शव घर से 1 किमी दूर गन्ने के खेत में मिला। तेंदुआ बच्चे का बायां पैर, प्राइवेट पार्ट और गर्दन और चेहरा खा गया था। लोग शव को चादर में लपेटकर घर लाए। हादसा शाम 8 बजे का है। पढ़ें पूरी खबर…