यूपी कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने पद संभालते ही 2027 चुनाव की रणनीति और सपा-कांग्रेस गठबंधन पर अपनी राय साफ कर दी। 11 अक्टूबर को लखनऊ में पार्टी दफ्तर में हुए हंगामे पर उन्होंने माना कि कार्यकर्ताओं से कभी-कभी गलती हो जाती है। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के योगदान को भूलना नहीं चाहिए। सीटों के बंटवारे पर इमरान मसूद ने कहा कि गठबंधन आत्मसमर्पण जैसा नहीं होगा। कांग्रेस सम्मानजनक सीटों पर मजबूती से लड़ेगी। उन्होंने साफ किया कि राहुल गांधी के नरेटिव से यूपी में कांग्रेस की स्थिति बदलेगी। 2027 के चुनाव में इमरान ने अपनी भूमिका के बारे में भी बताया। पूरा इंटरव्यू पढ़िए… सवाल. आपने जब जॉइन किया, उस वक्त हंगामा हुआ और जूते भी चले…? इमरान. ऐसा नहीं है, थोड़ा-बहुत कार्यकर्ताओं के अंदर हो जाता है। कभी-कभी कुछ कार्यकर्ता गलती करते हैं। हमारे जो पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय रहे हैं, उनके योगदान को पार्टी के अंदर किसी भी सूरत में कमतर नहीं किया जा सकता। लास्ट इलेक्शन में उन्होंने बहुत मेहनत करके पार्टी को खड़ा किया है। सवाल. सीट शेयर पर पहले 200 फिर 150 और अब 80 सीट… कहां बात रुकेगी? इमरान. देखिए, यह फैसला हमारा नहीं है, पार्टी नेतृत्व तय करेगा। लेकिन, हम लोग चाहते हैं कि सम्मानजनक तरीके से समझौता हो। ऐसा न दिखाई दे कि हम लोग (कांग्रेस) बिल्कुल आत्मसमर्पण किए हुए हैं। हम लोग चाहते हैं कि मजबूती के साथ गठबंधन रहे और गठबंधन में चुनाव लड़ें। उत्तर प्रदेश के अंदर हम सरकार बनाने का काम करेंगे। माहौल बहुत अच्छा है, तो मुझे लगता नहीं कि कोई दिक्कत आएगी। सवाल. अखिलेश यादव की तरफ से कैंडिडेट को लेकर कोई सूची मांगी गई है? इमरान. नहीं….नहीं, न अभी सूची मांगी गई है, न दी गई है। अभी तो चर्चा शुरू होगी। मेरे ख्याल से अभी यह जो आंदोलन चल रहा है, इसके बाद अक्टूबर के आखिर में हमारी कोशिश होगी कि हम लिस्ट फाइनल कर दें। सवाल. अगर गठबंधन नहीं होता, तो क्या 403 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे? इमरान. मुझे लगता नहीं कि ‘अगर’ लगाया जाए। गठबंधन तो है, इसमें ‘अगर’ की आवश्यकता मुझे लगती नहीं। सवाल. 2022 में दो सीटों पर सिमट गए थे। 2027 में लक्ष्य कितनी सीटों का है? इमरान. देखिए, कब कौन सिमट जाए और कौन कब उभर जाए, राजनीति के अंदर पता नहीं चलता। दिल्ली में 15 साल की सरकार 1 मिनट में चली गई थी। केजरीवाल 70 में से 67 सीटें ले आए थे। यह कुछ पता नहीं चलता। यह नरेटिव का खेल है। आज जिस तरह का नरेटिव राहुल गांधी ने पूरे देश में खड़ा किया है, पूरा ‘इंडिया’ गठबंधन राहुल गांधी के साथ खड़ा है। मैं नहीं समझता हूं कि अब वह पुरानी वाली स्थिति कांग्रेस की है। 2027 के चुनाव को देखते हुए कांग्रेस बहुत मजबूत स्थिति में है। सवाल. अगर गठबंधन चुनाव जीतता है, तो क्या आप डिप्टी सीएम बनेंगे? इमरान. नहीं-नहीं, मैं तो किसी भी पद का उम्मीदवार नहीं हूं। मेरा काम पार्टी को मजबूत करना है, पार्टी को खड़ा करना है और मैं वही काम करूंगा। उसी भूमिका में रहूंगा। सवाल. क्या यूपी में कांग्रेस आपको बराबर का हकदार मानती है? इमरान. देखिए, बराबर का हकदार मानती है, तभी मुझे इन हालात में भी वर्किंग प्रेसिडेंट बना दिया। यह फैसला बहुत साहसपूर्ण और बड़ा है। यह जो मुसलमान को सिर्फ इस्तेमाल किया जाता है, कांग्रेस उस राजनीति में नहीं है। कांग्रेस सबको साथ लेकर चलती है। सवाल. यूपी में बड़ी जिम्मेदारियां मिली हैं, पहले क्या करना चाहेंगे? इमरान. देखिए…पार्टी ने जिस उम्मीद के साथ हमें यह पद दिया। सबसे पहले मैं पार्टी की उम्मीदों को पूरा करना चाहता हूं। संगठन को और मजबूत करना है। आने वाले चुनाव में ज्यादा से ज्यादा सीटों पर जीत के लिए काम करना है। सवाल. चुनाव में टिकट देने में आपकी क्या भूमिका नजर आएगी? इमरान. मुझे नहीं पता, पार्टी किस भूमिका में रखेगी? यह तो पार्टी ही तय करेगी। सवाल. सपा ने राज्यसभा चुनाव में 2 कैंडिडेट उतारे, उसमें भी एक धनराज थे। कांग्रेस का क्या सोचना है? इमरान. यह उनकी पार्टी का इंटरनल मामला है, हर चीज में हमारी दखलअंदाजी थोड़ी न है। सवाल. झारखंड में धनराज के पिता आपके कैंडिडेट को हराकर जीते थे? इमरान. देखिए, आपको भी पता है और मुझे भी पता है। जरूरी तो नहीं कि हर चीज पर मैं बोलूंगा। ————————— यह खबर भी पढ़ें – यूपी कांग्रेस कार्यालय में हंगामा, जूते चले, धक्का-मुक्की, अजय राय और ममता चौधरी भिड़े यूपी कांग्रेस कार्यालय में रविवार को पदभार ग्रहण समारोह के दौरान कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। जूते-चप्पल चले और धक्का-मुक्की हुई। 30 मिनट तक हंगामा चलता रहा। विवाद तब शुरू हुआ, जब यूपी कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ और कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद के पदभार ग्रहण समारोह में पूर्व अध्यक्ष अजय राय पहुंचे। उन्हें देखकर कांग्रेस नेता ममता चौधरी ने कहा- तुम्हारी शक्ल नहीं देखनी, यहां से चले जाओ। पूरी खबर पढ़िए…