कानपुर में मकान गिरा, पिता-3 बेटियों की दबकर मौत:एक बेटी घायल, परिवार में अकेली बची; 2 महीने बाद शादी होनी है

कानपुर के साढ़ थाना क्षेत्र के हिरनी गांव में रविवार को मकान ढहने से एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत हो गई। एक गंभीर रूप से घायल हो गया। भारी बारिश की वजह से सुबह 9.30 बजे एक कच्चा मकान भरभराकर गिर गया। हादसे में पिता और 4 बेटियां मलबे के नीचे दब गए। बताते चलें कि घटना जिला मुख्यालय से लगभग 40 किमी दूर की है। धमाके जैसी आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर आ गए और मलबा हटाना शुरू किया। पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। करीब 2 घंटे बाद पांचों लोगों को बाहर निकालकर CHC पहुंचाया गया। डॉक्टर्स ने मुकेश (45) और उनकी 3 बेटियों माया (16), नीतू (12) और पल्लवी (7) को मृत घोषित कर दिया। सबसे बड़ी बेटी काजल (19) की हालत गंभीर बनी हुई है। उसका इलाज चल रहा है। परिवार में अब वह अकेली बची है। उसकी 2 महीने बाद शादी होनी है। मां की काफी पहले बीमारी की वजह से मौत हो चुकी है। 2 मंजिला कच्चे मकान में 4 बेटियों के साथ रहता था पिता पुलिस के मुताबिक, हिरनी गांव में रहने वाले मुकेश मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। पत्नी की मौत हो चुकी है। 2 मंजिला कच्चे मकान में 4 बेटियों के साथ रहते थे। रविवार की सुबह सभी घर में मौजूद थे। अचानक मकान जमींदोज हो गया। गांव वालों ने पुलिस के साथ मिलकर पांचों को रेस्क्यू किया। नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। लेकिन, तब तक 4 की मौत हो चुकी थी। बड़ी बेटी काजल को हालत गंभीर होने की वजह से कानपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां उसका इलाज जारी है। परिजन बोले- पुलिस को फोन किया, समय पर नहीं पहुंची ग्रामीण बोले- लगातार बारिश की वजह हादसा हुआ ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कई दिनों से लगातार बारिश हो रही है। इसके चलते कच्चे मकान की दीवारें और छत कमजोर हो गई थीं। रविवार को बारिश के दौरान हादसा हो गया। पुलिस और प्रशासन की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी जुटाई। हादसे के बाद धरने पर बैठे परिवार के लोग, 7 घंटे बाद माने 4 मौत के बाद परिजन दोषी पुलिस कर्मियों और डॉक्टरों पर कार्रवाई की मांग को लेकर सीएचसी पतारा में धरने पर बैठ गए। करीब 7 घंटे तक धरने के बाद डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह के आश्वासन के बाद माने। डीएम ने मुकेश के पिता दारा सिंह से बात करके उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने कहा- मामले की जांच कानपुर एडीसीपी सुमित रामटेके, घाटमपुर SDM अविचल प्रताप सिंह को सौंपी है। एक सप्ताह में जांच पूरी करके रिपोर्ट मांगी है, इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दारा सिंह को आश्वासन दिया कि पोती के खाते में दैवीय आपदा राहत कोष से 16 लाख रुपए की आर्थिक सहायता राशि 24 घंटे के अंदर भेज दी जाएगी। साथ ही मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत तुरंत पक्के घर का निर्माण कराने की बात कही है। अस्पताल में भर्ती बेटी का निःशुल्क इलाज कराने आश्वासन दिया है। कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि सरकार इस दुःख की घड़ी में उनके साथ खड़ी है। उन्होंने मृतक के परिजनों को हर संभव मदद दिलाने का आश्वासन दिया है। —————————- ये खबर भी पढ़ें… कानपुर में करोड़पति दवा कारोबारी की हत्या:फ्लैट में घुसते 2 संदिग्ध नजर आए, पत्नी मैरिज काउंसलर, बेटा-बहू पार्टी में गए थे कानपुर में एक दवा कारोबारी की निर्मम हत्या कर दी गई। फ्लैट के कमरे में फर्श पर खून से लथपथ उनका शव मिला। पूरे कमरे में खून पसरा हुआ था। पुलिस के अनुसार, उनका गला किसी धारदार हथियार से रेता गया है और शरीर पर किसी नुकीली चीज से कई वार किए गए हैं। पढ़ें पूरी खबर….