कानपुर में PPN कॉलेज के पूर्व अध्यक्ष ने सुसाइड किया:सिर में सटाकर गोली मारी, पत्नी लखनऊ में बेटियों के साथ अलग रहती हैं

कानपुर में PPN कॉलेज के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष ने सुसाइड कर लिया। उन्होंने लाइसेंसी बंदूक से घर के कमरे में सिर में गोली मार ली। बुधवार तड़के 5 बजे परिवार वाले उन्हें जगाने पहुंचे। कई बार दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद दरवाजा तोड़ा गया। अंदर खून से लथपथ शव पड़ा मिला। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस को कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। शुरुआती जांच में पता चला है कि आलोक सिंह (50) की पत्नी बेटियों के साथ लखनऊ में अलग रहती हैं। इसी वजह से वह तनाव में रहते थे और शराब पीने लगे थे। घटना नौबस्ता के बसंत विहार इलाके की है। घटना से जुड़ी 3 तस्वीरें… पिता के साथ ट्रांसपोर्ट का काम करते थे बसंत विहार डब्ल्यू-2 के रहने वाले केशव नाथ सिंह के तीन बेटे अजीत, आलोक और अभय और एक बेटी हैं। परिवार दो मंजिला मकान में रहता है। 2021 में कोरोना महामारी के दौरान उनके बड़े बेटे अजीत सिंह की मौत हो गई थी। मझले बेटे आलोक सिंह 1999 में पंडित पृथ्वीनाथ (PPN) कॉलेज के छात्रसंघ अध्यक्ष चुने गए थे। पिता केशव नाथ (79) ने बताया- मेरा नौबस्ता मौरंग मंडी में ट्रांसपोर्ट का कारोबार है। बेटे आलोक भी ट्रांसपोर्ट के काम में हाथ बंटाते थे। मंगलवार शाम आलोक काम से घर लौटे। खाना खाने के बाद पहली मंजिल पर बने कमरे का दरवाजा बंद कर एसी चलाकर सो गए। देर शाम तेज धमाके की आवाज सुनाई दी थी, लेकिन मैंने उस पर गौर नहीं किया था। आलोक के भतीजे आर्यन ने बताया- बुधवार सुबह सभी लोग उठकर अपने-अपने काम में लग गए। मैंने देखा कि चाचा के कमरे का दरवाजा बंद है, जबकि वह रोज सुबह 4 बजे उठ जाते थे। मैंने छोटे चाचा से पूछा तो उन्होंने कहा कि शायद सो रहे होंगे, लेकिन सुबह 5 बजे तक भी वह नहीं उठे। मैंने खिड़की से देखा तो कुछ शक हुआ। दरवाजा तोड़ा तो चाचा का शव दिखा। बड़ी बेटी मर्चेंट नेवी में, छोटी 12वीं की छात्रा केशव नाथ ने बताया- आलोक की पत्नी विनीता और दो बेटियां अनुष्का और अंशिका हैं। अनुष्का मर्चेंट नेवी में है, जबकि अंशिका लखनऊ में 12वीं की पढ़ाई कर रही। विनीता भी उसके साथ लखनऊ में रहती हैं। दो साल पहले विनीता के पिता ने उन्हें वहीं एक फ्लैट दिलाया था। लेकिन इनका कानपुर भी आना-जाना लगा रहता था। पिता की मौत की सूचना पर दोनों बेटियां घर पहुंचीं पिता आलोक सिंह की मौत की सूचना पर दोनों बेटियां दोपहर में करीब 3 बजे घर पहुंच गई हैं। वहीं आलोक के पिता केशव नाथ ने बताया- दो दिन पहले बेटे से बातचीत हुई थी। सब कुछ बढ़िया था। पता नहीं क्या बात हो गई। हमारे घर में तो लड़ाई भी नहीं होती थी। थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया- शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पूछताछ में पता चला है कि आलोक तनाव में थे। पुलिस सभी एंगल पर हत्या की जांच कर रही है। —————————- ये खबर भी पढ़ें- 25 साल की ननद ने भाभी की हत्या की:पहले बोली- सीढ़ियों से गिर गईं, फिर रातभर नींद नहीं आई तो थाने पहुंचकर जुर्म कबूला
मेरठ में अवैध संबंधों के शक में ननद ने अपनी भाभी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। वारदात के बाद परिजनों ने फर्श पर गिरने से मौत की कहानी गढ़कर मामला छिपाने की कोशिश की, लेकिन पछतावा होने पर आरोपी ननद खुद पुलिस के पास पहुंच गई और हत्या की बात कबूल कर ली। पढ़ें पूरी खबर