यूपी में पिछले 25 दिनों से हो रही जोरदार बारिश से नदियां उफान पर हैं। काशी में गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। पानी मणिकर्णिका घाट तक पहुंच गया है। सभी 84 घाटों की सीढ़ियां डूब गई हैं। उनका आपस में संपर्क टूट गया है। 50-60 छोटे मंदिरों में गंगा का पानी घुस गया है। फर्रुखाबाद में गंगा खतरे के निशान के करीब बह रही है। किनारों पर कटान तेज हो गया है। पिछले 2 दिनों में 8 घर नदी में समा चुके हैं। 10 से ज्यादा गांवों के चारों तरफ पानी भर जाने से उनका संपर्क टूट गया है। बलिया में भी सरयू नदी में 27 घर समा चुके हैं। बिजनौर में पिछले 10 दिनों से गंगा का पानी स्टेट हाईवे के ऊपर से बह रहा है। आधा दर्जन गांव टापू बन गए हैं। सीतापुर में शारदा और घाघरा नदियां उफान पर हैं। 400 बीघा जमीन जलमग्न हो चुकी है। 25 गांवों पर बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। शनिवार सुबह से उन्नाव में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। लखनऊ, गोरखपुर और आगरा समेत 50 शहरों में बादल छाए हैं। ठंडी हवाएं चल रही हैं। आज 66 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। झांसी और जालौन समेत 7 शहरों में भारी बारिश हो सकती है। इससे पहले, शुक्रवार को 70 शहरों में मूसलाधार बारिश हुई। सबसे ज्यादा 79.3 मिमी बारिश संभल में दर्ज की गई। गाजियाबाद-नोएडा में हाईवे और सड़कें तालाब बन गईं। गली-मोहल्लों में 4 फीट तक पानी भर गया। नोएडा के एक अंडरपास में एंबुलेंस फंस गई। आगरा में 2 जगहों पर सड़कें धंसने से 20-20 फीट गहरे गड्ढे हो गए। बाढ़-बारिश की तस्वीरें देखिए… लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- पश्चिमी यूपी और उसके आसपास बने हवा के दबाव की वजह से कई इलाकों में भारी बारिश हो रही है। अब बंगाल की खाड़ी के पास एक और नया कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है, जो आगे बढ़ेगा। इससे आने वाले 4 दिनों में मानसूनी सिस्टम और मजबूत होगा। इससे खासकर दक्षिण यूपी के इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना है। आज कहां-कहां बारिश की संभावना, देखिए यूपी में मौसम के पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…