यूपी में मानसूनी बारिश का सिलसिला जारी है। प्रयागराज में पिछले 4 दिनों से रुक-रुककर तेज बारिश हो रही है। दारागंज, करेली इलाकों में बाढ़ जैसे हालात हैं। कई घरों में 5 फीट तक पानी भर गया है। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने डीएम मनीष वर्मा से सख्त लहजे में कहा है कि 24 से 48 घंटे में शहरी इलाकों से पानी निकल जाना चाहिए। गुरुवार सुबह अयोध्या, जौनपुर समेत 40 से ज्यादा शहरों में बादल छाए हैं। मौसम विभाग (IMD) ने आज प्रदेश के 63 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें 9 जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट है। इधर, 13 जिलों में बाढ़ जैसे हालात हैं। 173 गांव बाढ़ की चपेट में हैं। इससे 84 हजार से ज्यादा लोग प्रभावित हैं। चित्रकूट में मंदाकिनी नदी खतरे के निशान को पार कर गई है। रामघाट की सभी सीढ़ियां पानी में डूब गई हैं। पुलिस ने नदी किनारे बैरिकेडिंग कर दी है। लाउडस्पीकर से लगातार ऐलान किया जा रहा है कि श्रद्धालु नदी किनारे न जाएं। वाराणसी में घाटों के किनारे बने 100 से ज्यादा मंदिरों में गंगा का पानी घुस गया है। मणिकर्णिका और हरिश्चंद्र घाट के शवदाह स्थल भी जलमग्न हो गए हैं। हरिश्चंद्र घाट पर गलियों और सीढ़ियों में, जबकि मणिकर्णिका घाट पर छत पर अंतिम संस्कार करना पड़ रहा है। शवदाह के लिए 3 से 4 घंटे तक इंतजार करना पड़ रहा है। बहराइच में बाढ़ से 5 हजार लोग प्रभावित हैं। एसडीएम मोनालिसा जौहरी ट्रैक्टर से हालात का जायजा लेने पहुंचीं। लखीमपुर खीरी के एक प्राइमरी स्कूल में 5 फीट लंबा कोबरा घुस गया। प्रिंसिपल ने सांप पकड़ने वाले को बुलाया। उसने कोबरा को पकड़कर जंगल में छोड़ दिया। सोनभद्र में पहली बार कनहर बांध के 14 फाटक एक साथ खोलने पड़े। छत्तीसगढ़ और झारखंड से लगातार पानी आने के कारण बांध का जलस्तर बढ़ गया है। बारिश और बाढ़ की तस्वीरें… लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार- बंगाल की खाड़ी से नम हवाएं आ रही हैं। इसका असर यूपी में पड़ रहा है। इसके चलते बारिश का दौर शुरू हो गया है। 25 अगस्त तक यह सिलसिला जारी रहेगा। यूपी में मौसम के पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…