कुंडा के यादव बोले- यहां राजा भैया ही ‘सब कुछ’:अखिलेश के जनाधार खिसकने वाले आरोपों में कितनी सच्चाई; जानिए रामकथा से क्या हासिल किया

जब जनाधार कम होने लगता है, तब रामकथा कराते हैं…। – अखिलेश यादव, आगरा

ये शब्द रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया के लिए कहे गए। धीरेंद्र शास्त्री के विरोध के बाद राजा भैया ने कुंडा में रामकथा करवाई। तीन दिन की रामकथा खत्म हो चुकी है, लेकिन अपने पीछे कई सियासी संदेश छोड़ गई। पूर्वांचल से लेकर राजस्थान तक के दिग्गज ठाकुर नेताओं को एक मंच पर लाकर राजा भैया ने बड़ा शक्ति प्रदर्शन किया है। इसके पीछे वजह भी है, 2022 विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव ने ‘कुंडा में कुंडी’ का बयान दिया था। 2002 के बाद पहली बार राजा भैया सिर्फ 15% वोट मार्जिन से जीते, जबकि उनके चुनाव में खड़े होने के बाद सामने वाला कैंडिडेट 50% से ज्यादा वोट मार्जिन से हारता रहा था। ऐसे में राजा भैया रामकथा के जरिए क्या साधने में कामयाब रहे, ये ग्राउंड रिपोर्ट में पढ़िए…. 3 दिन की रामकथा में 5 लाख लोग उमड़े। यूपी और राजस्थान के बड़े सियासी जमावड़े से राजा भैया को क्या हासिल हुआ? यह समझने के लिए भास्कर टीम ने रामकथा सुनने आए लोगों से बात की और कुंडा सीट के जातिगत समीकरण समझे। वहां के सियासी माहौल को 3 पॉइंट में पढ़िए- कथा के लिए बेती राजभवन चुना, पंडाल की क्षमता से दोगुने लोग पहुंचे रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया कुंडा के विधायक हैं। उन्होंने रामकथा के लिए अपने आवास बेती राजभवन के पीछे की जगह चुनी। यहां 56 हजार वर्ग फीट में पंडाल बनाए गए, लेकिन समय के साथ इनकी क्षमता से दोगुने लोग पहुंचने लगे। सिर्फ प्रतापगढ़ और कुंडा ही नहीं, प्रयागराज, कौशांबी, रायबरेली और फतेहपुर समेत आसपास के जिलों से भी लोग पहुंचे। भास्कर टीम ने रामकथा सुनने आए लोगों से बातचीत की। कुंडा के शिवमूरत यादव कहते हैं, “रामकथा का विरोध करने वाले मूर्ख हैं। उन्हें पता ही नहीं कि सनातन क्या है। विरोध भी वही लोग कर रहे हैं। कुंडा के हजारों यादव राजा भैया के साथ हैं। यहां वही हमारे लिए सरकार हैं। वे हर तरह के सुख-दुख में गरीबों की सुनते हैं। इसलिए यहां कोई समीकरण काम नहीं करते। पिछले चुनाव में कुछ वोट कट गए थे। इस बार सपा का कैंडिडेट 50 हजार वोट से हारेगा।” पंडित या रामकथा का विरोध करने वाले कुंडा के नहीं कथा में शामिल लवलेश सरोज कहते हैं, “मैं पहले भी कई रामकथाएं सुन चुका हूं, लेकिन इतनी भव्य कथा यहां पहले कभी नहीं हुई। इसमें पाकिस्तानी हिंदू शरणार्थी तक शामिल हुए। जो लोग फेसबुक पर विरोध कर रहे हैं, वे यहां (कुंडा) के नहीं हैं। जो यहां के हैं, वे सभी कथा में पहुंच रहे हैं। एक-दो नहीं, बल्कि 50 हजार से ज्यादा यादव बिरादरी के लोग यहां राजा भैया के समर्थन में हैं।” लवलेश आगे कहते हैं, “कुछ लोगों का विरोध पूरे समाज का विरोध नहीं हो सकता। यही साबित करने के लिए राजा भैया पंडित धीरेंद्र शास्त्री को एयरपोर्ट से कार में कुंडा लेकर आए। कोई रास्ता रोकने नहीं आया, क्योंकि ये लोग सिर्फ माहौल बनाते हैं।” ‘यहां कोई समीकरण नहीं चलता, सबको सिर्फ राजा भैया से मतलब’ कथा स्थल से करीब 4 किमी दूर शोभनाथ पटेल का घर है। हमने उनसे पूछा कि क्या सपा का दिया PDA का नारा यहां काम करता है? शोभनाथ कहते हैं, “हमारे यहां कोई PDA नहीं चलता। इस समाज से कोई चुनाव लड़ भी जाए, तब भी कुछ नहीं होगा। हम लोग अपना क्षेत्र देखते हैं। हमें यहां सिर्फ राजा भैया से मतलब है। बाकी, बागेश्वर बाबा जहां भी जाते हैं, उनके लिए पब्लिक खुद चली आती है। यहां राजा भैया के भी खूब समर्थक हैं, इसलिए भीड़ बहुत ज्यादा दिख रही है।” ‘राजा भैया खुद लड़ें या जिसे भी लड़वाएं, वही जीतेगा’ बंसियारा गांव के राजेश यादव कहते हैं, “जो लोग राजा भैया की सियासत खिसकने की बात कहते हैं, उन्हें कुंडा आना चाहिए। बिरादरी कोई भी हो, सभी राजा भैया के लिए स्नेह रखते हैं। वे खुद चुनाव लड़ें या जिसे भी लड़वाएं, वह बड़े अंतर से चुनाव जीतेगा।” मोहद्दीपुर से आए बुजुर्ग भुल्लर राजा भैया के बारे में बात करते हुए हाथ जोड़ लेते हैं। वे कहते हैं, “वह समाज में सबका ख्याल रखते हैं। राजा भैया की सेवा हमने की, हमारे बच्चे भी करेंगे, क्योंकि उन्होंने हमारा बहुत ख्याल रखा है। मेरी पत्नी की मौत हुई, तब अंतिम संस्कार में भी उन्होंने मदद की। यहां आप किसी से भी बात करेंगे, सब उनके लिए ही काम करते हैं।” रामकथा और राजनीति, दोनों अलग-अलग; इन्हें मत जोड़िए रामकथा के आयोजन से राजा भैया की धार्मिक छवि मजबूत हुई है। क्षेत्र में जिन युवाओं से हमारी बात हुई, उनमें से ज्यादातर उन्हें हिंदुत्व के बड़े चेहरे के रूप में पेश करते दिखे। कुंडा के प्रदीप मिश्रा कहते हैं, “कुछ लोग गलत प्रचार करते हैं कि रामकथा वोट के लिए की गई। यह कथा धर्म के लिए हो रही है। यहां जाति का कोई मामला ही नहीं है। राजा भैया खुद सबको एक रहने के लिए कह रहे हैं। जो सफेद टोपी लगाकर मस्जिद में चले जाते थे, वे भी अब सनातन को मानने लगे हैं। हालांकि, कलियुग में राक्षस रहते थे। वही स्वभाव इन लोगों का आज भी दिखता है। धर्म का विरोध करने वाले ये लोग इंसान तो हैं ही नहीं… इसलिए हर काम में खामियां देखते हैं।” बंसियारा गांव के प्रधान धीरेंद्र प्रताप सिंह कहते हैं, “राजा भैया भगवान राम के भक्त हैं, इसलिए कथा का आयोजन करवाया था। यहां उनकी टक्कर का कोई नहीं है।” साथ मौजूद भरत सिंह कहते हैं, “कथा और राजनीति अलग-अलग हैं। कुछ लोग इसे बेवजह जोड़ते हैं, ऐसा मत करिए…” समर्थकों ने भी राजा भैया के लिए माहौल बनाया रामकथा के दौरान धीरेंद्र शास्त्री भी मंच से राजा भैया के हिंदुत्व को लेकर कुछ न कुछ कहते रहे। उन्होंने राजा भैया के शस्त्र पूजन की तारीफ की और कहा कि राजा भैया जैसा व्यक्ति हर जिले में होना चाहिए। कथा के दौरान कई युवा पूरे क्षेत्र में एक होर्डिंग लहराते नजर आए। इस होर्डिंग में राजा भैया को यूपी का मुख्यमंत्री और योगी आदित्यनाथ को प्रधानमंत्री बनाने की मांग की गई थी। कथा के दौरान यह होर्डिंग सबसे ज्यादा चर्चा में रही। चर्चा- राजा भैया एकजुटता दिखाने में कामयाब रहे रामकथा में यूपी के कई ठाकुर नेता एकजुट दिखे। राजा भैया के इस कार्यक्रम में बृजभूषण शरण सिंह, एमएलसी बृजेश सिंह ‘प्रिंसू’, सुशील सिंह, एमएलसी विनीत सिंह, विधायक अभय सिंह, राकेश सिंह, अभिजीत सिंह सांगा, अदिति सिंह, यूपी सरकार के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह और भोजपुरी एक्टर पवन सिंह शामिल हुए। इसके अलावा राजस्थान के निर्दलीय विधायक रवींद्र भाटी भी पहुंचे। सबसे ज्यादा चर्चा पूर्वांचल के बाहुबली बृजेश सिंह और धनंजय सिंह को लेकर हुई। ये दोनों भी रामकथा में शामिल हुए। कहा गया कि जिन लोगों के बीच गिले-शिकवे थे, उन्हें खत्म करवाया गया। राजनीति में बड़े पदों पर बैठे लोगों को यह संदेश देने की भी कोशिश की गई कि यूपी में ठाकुर एकजुट हैं। सियासी गलियारों में हो रही चर्चा से यही संकेत मिलता है कि राजा भैया इस एकजुटता को दिखाने में कामयाब रहे।
————
ये पढ़ें – धीरेंद्र शास्त्री बोले- प्रेत रोगी आगे आएं, लोटने लगीं महिलाएं:दांत पीसते हुए कई पुरुषों ने कपड़े फाड़े, राजा भैया के यहां लगा दिव्य दरबार प्रतापगढ़ में शुक्रवार को धीरेंद्र शास्त्री का दिव्य दरबार लगा। श्रद्धालुओं की पर्चियां निकाली गईं। इस दौरान उन्होंने कहा- प्रेत रोगी आगे आएं। इसके बाद तीनों पंडालों से महिलाएं और पुरुष स्टेज के पास पहुंचे। धीरेंद्र शास्त्री के हनुमान चालीसा पढ़ना शुरू करते ही कुछ लोग चीखने-चिल्लाने लगे। कई महिलाएं जमीन पर लोटने और झूमने लगीं। एक युवक सिर पीटने लगा, जबकि दूसरे ने नागिन डांस किया। कुछ पुरुष दांत पीसते हुए दिखे। एक युवक ने अपनी शर्ट फाड़कर सीना पीटना शुरू कर दिया। पढ़िए पूरी खबर…