अरविंद केजरीवाल ने सीएम योगी के SIR पर दिए बयान को लेकर तंज कसा। उन्होंने X पर लिखा- महाराज जी, आपको भी पता है कि चुनाव आयोग उन दोनों के कहने पर काम करता है। ये दोनों आपको खत्म करने में लगे हैं। अखिलेश जी को एडवांस में बधाई। दरअसल, योगी ने दावा किया था कि पंचायत चुनाव की वोटर लिस्ट में शामिल करीब 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम चुनाव आयोग की सूची में नहीं हैं। इसके बाद उन्होंने चुनाव आयोग को ज्ञापन देने की बात कही थी। बलिया से सपा सांसद सनातन पांडेय ने 1990 में कारसेवकों पर गोली चलवाने के मामले में बड़ा दिया है। उन्होंने कहा- भारत के संविधान को बचाने के लिए नेताजी ने गोली चलवाई थी। अगर गोली नहीं चलती तो गृह युद्ध हो जाता। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने सनातन पांडे पर पलटवार किया। कहा कि मुस्लिम तुष्टीकरण के लिए ऐसे बयान देते हैं। निहत्थे लोगों पर गोली चलाना सनातन संस्कृति में स्वीकार्य नहीं है। सनातनी और भारत के लोग सपा को कभी माफ नहीं करेंगे। इधर, सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कहा- कुछ महीनों बाद पीडीए सरकार बनाकर राशन में सरसों का तेल देने का काम करेंगे। इससे गरीब को भाजपा के लोगों से बेंत खाने और बेइज्जती सहने की जरूरत नहीं पड़ेगी। दरअसल, अयोध्या में दीपोत्सव के बाद कुछ महिलाओं और बच्चों को बेंत से मारने का वीडियो सामने आया था। दावा किया गया कि लोग दीयों से तेल बोतल में भर रहे थे। आरोप है कि भाजपा के लोगों ने उनके बाद गलत व्यवहार किया।