गोरखपुर में बिजली विभाग के ठेकेदार की दो सगे भाइयों ने शनिवार शाम 6 बजे हत्या कर दी। ठेकेदार गांव में एक तेरहवीं में खाना खा रहे थे, तभी आरोपी ने पीछे से बांके से हमला कर दिया। ठेकेदार लहूलुहान होकर वहीं गिर गए। ग्रामीण उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे। तभी रास्ते में हमलावरों ने उन्हें दोबारा घेर लिया। ऑटो से खींचकर करीब 200 मीटर दूर ले गए। इसके बाद तलवार से काटकर मार डाला। पुलिस की जांच में सामने आया कि एक साल पहले आरोपियों के चचेरे भाई की हत्या कर दी गई थी। इसी का बदला लेने के लिए उन्होंने ठेकेदार को मार डाला। घटना सिकरीगंज के अहिरौली गांव की है। बिजली विभाग में ठेकेदारी करते थे शिवकुमार अहिरौली गांव के रहने वाले शिवकुमार त्रिपाठी बिजली विभाग में ठेकेदार थे। उनका परिवार गांव के साथ ही गोरखपुर शहर में भी रहता है। उनके बेटे आदित्य त्रिपाठी गोरखपुर सिविल कोर्ट में अधिवक्ता हैं। शिवकुमार शनिवार को गांव में ही छेदी चौधरी के ब्रह्मभोज में शामिल होने गए थे। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि वह नीचे बैठकर खाना खा रहे थे। तभी गांव के ही राहुल चौधरी पुत्र विनोद ने पीछे से बांके से उन पर हमला कर दिया। हमले में शिवकुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। ब्रह्मभोज कराने वाले परिवार के लोग घायल शिवकुमार को ऑटो से अस्पताल ले जाने लगे। तभी रास्ते में राहुल चौधरी और उसके भाई रोहित ने ऑटो को रोक लिया। दोनों आरोपियों के पास हथियार थे। गांव वालों के रोकने के बावजूद राहुल और रोहित ने शिवकुमार को ऑटो से बाहर खींच लिया। दोनों शिवकुमार को 200 मीटर दूर खींचकर ले गए। वहां तलवार से काट कर उनकी हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। 2024 में हुई हत्या से जुड़ी पुरानी रंजिश ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि हत्या के पीछे पुरानी रंजिश हो सकती है। साल 2024 में राहुल चौधरी के चचेरे भाई आदेश चौधरी की हत्या हुई थी। इस मामले में गांव में रहने वाले शिवकुमार त्रिपाठी के परिवार के कुछ लोगों के आरोपी बनाया गया था। दोनों भाइयों ने अपने भाई की हत्या का बदला लेने के लिए शिवकुमार को मार डाला। वहीं, शिवकुमार के परिवार वाले इस पुरानी रंजिश के संबंध में कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। सिकरीगंज थानाध्यक्ष अंजुल चतुर्वेदी ने बताया- एक व्यक्ति की हत्या की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर मामले की गहन छानबीन कर रही है। घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। ————————– ये खबर भी पढ़ें फतेहपुर में सरकारी टीचर ने पत्नी को मार डाला:सिर और पैर पर गड़ासे से हमला किया, पिता बोले- दामाद का दूसरी लड़की से अफेयर यूपी के फतेहपुर में एक सरकारी टीचर ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। वारदात के बाद मौके से भाग गया। शनिवार सुबह 8 बजे दोनों में किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ। बात इतनी बढ़ी कि नौबत मारपीट तक पहुंच गई। पढ़ें पूरी खबर…