यूपी में मानसूनी बारिश की वजह से नदियां उफान पर हैं। गंगा, यमुना और शारदा समेत 11 नदियां चेतावनी बिंदु को पार कर गई हैं। चित्रकूट में मंदाकिनी नदी का जलस्तर बढ़ने लगा है। रामघाट की सभी सीढ़ियां डूब गई हैं। आरोग्यधाम पुल के ऊपर से नदी का पानी बह रहा है। प्रशासन लाउडस्पीकर से अनाउंस कर लोगों से नदी के किनारे न जाने की अपील कर रहा है। उन्नाव में गंगा का पानी घरों में घुस गया है। लोग छतों पर रहने को मजबूर हैं। गलियों में नावें चल रही हैं। शुक्रवार को उच्च शिक्षा राज्य मंत्री और जिले की प्रभारी मंत्री रजनी तिवारी स्टीमर से बाढ़ग्रस्त इलाकों में पहुंचीं। राहत सामग्री बांटी। बदायूं में सरकारी स्कूल गंगा नदी में समा गया। वाराणसी में 100 से अधिक छोटे मंदिर जलमग्न हो गए हैं। हरिश्चंद्र घाट का शवदाह स्थल डूब गया है। शनिवार सुबह 6 बजे लखनऊ, बाराबंकी और आसपास के इलाकों में बारिश हुई। करीब एक घंटे की तेज बारिश के बाद धूप निकल आई। आज सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट है। बांदा, महोबा, झांसी और ललितपुर में बहुत भारी बारिश होने के आसार हैं। इससे पहले, शुक्रवार को गाजियाबाद और मेरठ समेत 60 शहरों में बारिश हुई। नोएडा और झांसी में इतनी बारिश हुई कि गलियों में दो-तीन फीट तक पानी भर गया। जालौन में 30 मिनट की जोरदार बारिश से खेत जलमग्न हो गए। संभल में बिजली गिरने से 45 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि मेरठ में एक 8 फीट लंबा अजगर एक घर में घुस गया। बारिश और बाढ़ की तस्वीरें देखिए… लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार- उत्तरी-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी पर बना अवदाब क्षेत्र पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। यह शुक्रवार दोपहर झारखंड में रांची के निकट केंद्रित हुआ। इसके बाद अगले छह घंटों के दौरान इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में झारखंड और उससे लगे उत्तरी छत्तीसगढ़ के क्षेत्रों से गुजरने की संभावना है। आगे बढ़ने के दौरान यह अवदाब क्षेत्र कमजोर होकर एक सुस्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र में परिवर्तित हो सकता है। इस मौसम प्रणाली के प्रभाव से उत्तर भारत में मानसूनी गतिविधियों को मजबूती मिलने की संभावना है। उत्तर प्रदेश में भी इसका असर व्यापक रूप से देखने को मिल सकता है। आज कहां-कहां बारिश की संभावना? यूपी में मौसम के पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…