यूपी में लगातार बारिश से नदियां उफान पर हैं। चित्रकूट में मंदाकिनी नदी में बाढ़ आ गई। करीब 26 फीट का उफान है। रामघाट और भरतघाट पूरी तरह जलमग्न हैं। घाट किनारे बने मंदिर और दुकानें डूब चुकी हैं। हनुमान धारा पर बना 300 फीट लंबा पुल बाढ़ में टूटकर बह गया। सड़कों पर नावें चल रही हैं। नयागांव राजमहल के अंदर तक पानी पहुंच गया है। रेलवे ट्रैकों पर पानी भर गया। एसडीआरएफ की टीमें लोगों को रेस्क्यू कर रही हैं। सती अनुसूइया आश्रम की रेलिंग और आसपास के घरों का सामान बह गया। सरकार ने 2 हेलिकॉप्टर मदद के लिए भेजे हैं। वहीं, झांसी-प्रयागराज हाईवे को वाहनों के लिए बंद कर दिया है। बैरिकेडिंग लगाकर पुलिस तैनात कर दी गई है। प्रशासन की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। लगातार बारिश और मध्यप्रदेश के बरगी डैम से पानी छोड़े जाने की वजह से चित्रकूट में हालत बिगड़ गए हैं। इधर, प्रयागराज में गंगा-यमुना का जलस्तर फिर बढ़ने लगा है। गंगा पर बने बक्शी बांध के पास एक ट्रक नदी में गिर गया। नेपाल में मची तबाही के बाद कुशीनगर की नारायणी नदी में शव बहकर आने का सिलसिला जारी है। शनिवार 2 और शव बरामद हुए। पुलिस और SDRF की टीम ने शवों को बाहर निकाला। इससे पहले गुरुवार को 6 शव बरामद हुए थे। इधर, शनिवार को लखनऊ, वाराणसी, कानपुर समेत 20 शहरों में बारिश हुई। लखनऊ में दोपहर में अंधेरा छा गया और बादलों की गड़गड़ाहट के बीच तेज बारिश हुई। मौसम विभाग (IMD) ने आज 27 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। बारिश और बाढ़ की तस्वीरें… लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- मध्य प्रदेश-राजस्थान और दक्षिणी यूपी के ऊपर मानूसनी सिस्टम आगे बढ़ गया है। इससे बारिश की गतिविधियों में 2-3 दिन यानी 31 अगस्त तक कमी आएगी। इसके बाद नए विक्षोभ के असर से सितंबर के पहले सप्ताह में फिर से बारिश का सिलसिला शुरू होगा। आज कहां-कहां बारिश हो सकती है? यूपी में मौसम के पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…