धनतेरस पर यूपी में कोहरा, 5 ट्रेनें कैंसिल:20 जिलों का पारा 18°C से कम, हरदोई की रात सबसे ठंडी; दिवाली में और बढ़ेगी ठिठुरन

यूपी में धनतेरस पर ठंड बढ़ गई है। शुक्रवार सुबह लखनऊ, बाराबंकी, महराजगंज, श्रावस्ती और संभल समेत 20 शहरों में कोहरा छाया रहा। मिर्जापुर में कोहरे के चलते 5 ट्रेनें अगले 3 महीने के लिए कैंसिल कर दी गई हैं। पिछले 24 घंटे की बात करें तो हरदोई की रात सबसे ठंडी रही। पारा 13.5°C रिकॉर्ड किया गया। मुजफ्फरनगर, जालौन और कानपुर समेत 20 जिलों में रात का तापमान 18°C से नीचे गिर गया। दिन का तापमान भी 33°C से नीचे आ गया है। इधर, पश्चिमी यूपी के NCR वाले जिलों में वायु प्रदूषण ने चिंता बढ़ा दी है। नोएडा का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 400 के पार पहुंच गया है। गाजियाबाद, हापुड़ और बागपत की हवा भी रेड जोन में पहुंच गई है। वाराणसी BHU के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने बताया- दिवाली वाले हफ्ते में तापमान में और गिरावट आने के आसार हैं। सुबह के समय कोहरा बना रह सकता है। मौसम में बदलाव के साथ सुबह और शाम की ठंडक बढ़ेगी।