मेरठ में पति को सांप से डसवाने वाली दामिनी की कहानी के पहले पार्ट में आपने उसके और पति अतुल के अफेयर के बारे में पढ़ा। दामिनी की लाइफ में कैसे शादीशुदा बॉयफ्रेंड तुषार एंट्री होती है? दूसरे और आखिरी पार्ट में पढ़िए…कैसे दामिनी और तुषार ने सपेरों से डील की। हत्या को नेचुरल मौत दिखाने की साजिश रची… एक दिन दामिनी ने तुषार से कहा- अतुल को ऐसे मारो कि उसकी मौत हत्या नहीं, नेचुरल लगे। तुमने अप्रैल- 2025 में रविता और अमरदीप का केस सुना था। हमारे पड़ोस के गांव का था, जिसमें रविता ने प्रेमी के साथ मिलकर पति के बेड पर सांप छोड़ दिया था। क्यों न हम लोग भी अतुल को सांप से डसवा दें? तुषार ने जवाब दिया- आइडिया तो सही है। खादर बस्ती में कुछ सपेरे हैं। वहां रहने वाला सोनू और उदय मेरा दोस्त है। मैं उनसे सांप के बारे में पूछता हूं। इसके बाद तुषार ने सपेरों से पूछा- किसी को सांप से डसवाकर मारना है, लेकिन मर्डर न लगे। नॉर्मल मौत लगे। सपेरों ने पूछा- किसे मारना है? तुषार ने कहा- मेरी दोस्त है, उसका पति बहुत दुखी कर रहा है। उसको साइड करना है। 15 हजार रुपए एडवांस और 5 लाख रुपए में डील तय हुई। सपेरों ने कहा- अतुल को गहरा नशा करा देना या पूरी तरह बेहोश कर देना। इसके बाद हम आकर उसके बिस्तर पर सांप छोड़ देंगे। जो काम तुम्हें चाहिए, उसके लिए सांप भी तैयार करना पड़ेगा। जब तक सांप भूख से तड़पेगा नहीं, उसके डसने के चांस कम हो जाएंगे। 17 जुलाई (गुरुवार) की रात काम पूरा करेंगे। गूगल पर जहरीला सांप ढूंढा, करैत प्रजाति का डील पक्की होने के बाद तुषार ने दामिनी को फोन किया। कहने लगा- अतुल को जहरीले सांप से डसवाकर मारेंगे। पोस्टमॉर्टम में भी सांप का डसा आएगा। कोई भी शक नहीं करेगा। रविता ने गला दबाकर पति को मरवाया था। बिना जहर वाला सांप बेड पर छोड़ा था, इसलिए वो पकड़ी गई। हम यह गलती नहीं करेंगे। बस दामिनी तुम तैयारी पूरी रखना। तुषार ने आगे कहा- रात में नशे की गोलियां अतुल के दूध में डालकर पिला देना, जिससे वो गहरी नींद में सो जाए। फिर हमें बता देना, हम आकर सांप छोड़ देंगे। दामिनी खुश हो गई। उसने कहा- ओके तुषार, मैं कच्चा काम नहीं चाहती। इसलिए मैंने सांप खोजा है। गूगल बता रहा है कि दुनिया में सबसे जहरीले सांप कौन से हैं? किसका जहर कैसे काम करता है और कितनी देर तक रहता है? तुषार ने जवाब दिया- सांप खोजने की जरूरत नहीं। तुम गूगल पर कुछ मत देखो। मेरे मोबाइल में फोटो है। यह देख, डिब्बे में बंद जो सांप बिलबिला रहा है, यही वो हथियार है, जो हमारा रास्ता साफ करेगा। ये करैत प्रजाति का सांप है, सबसे जहरीला और भूखा। जहर वाला दूध पिलाया, फिर बेड पर साथ सोई 16 जुलाई की रात करीब 9 बजे थे। दामिनी और अतुल ने साथ में खाना खाया। फिर अतुल बेडरूम में चला गया। दामिनी किचन में गई। वहां दूध में नींद की गोलियां मिलाईं। फिर दूध लाकर अतुल को पीने के लिए दे दिया और उसी के बगल में लेट गई। रात 2 बजे दामिनी बेड से उठी। 7 साल के बेटे मानिक को गोद में उठाकर कमरे से बाहर निकली। बाहर चारपाई पर आकर बेटे के साथ लेट गई। फिर तुषार को कॉल किया- आ जाओ, अतुल सो गया है। इसके बाद तुषार सपेरे सोनू और उदय को साथ लेकर दामिनी के घर पहुंचा। उसके हाथ में एक डिब्बा था। जिसमें काले रंग का जिंदा करैत सांप था। दामिनी तुषार और सपेरों को बेडरूम में ले गई। अतुल को चादर से ढका, फिर सांप छोड़ा तुषार ने सपेरों से पूछा- बताओ, कैसे काम करना है? दोनों बोले- सांप को बेड पर रोकना पड़ेगा, नहीं तो वह भाग जाएगा। एक चादर लाओ। इस पर दामिनी ने सपेरों को चादर दी। चारों ने मिलकर अतुल को चादर से ढंक दिया। उसके बाद सोनू और उदय ने चादर का एक सिरा उठाया। फिर 15 दिन से डिब्बे में बंद भूख से फड़फड़ा रहे जहरीले करैत सांप को छोड़ दिया और चादर दबा दी। सांप ने दो-तीन बार अतुल के पैरों पर डस लिया। तुषार, सोनू और उदय ने 20 मिनट बाद अतुल को ऊपर से ही चेक किया। जब लगा कि अतुल मर गया है, तब तीनों वहां से चले गए। तुषार ने दामिनी से कहा- सुबह रोना-पीटना शुरू कर देना। अभी सो जाओ। इसके बाद दामिनी बेटे को गोद से लिपटाकर सो गई। दामिनी पति की लाश के पास बैठकर रोने-चिल्लाने लगी अगले दिन 17 जुलाई (शुक्रवार) की सुबह 6 बजे दामिनी बेडरूम में अतुल के लिए चाय लेकर गई। उसे आवाज देकर जगाने लगी, लेकिन कोई हलचल नहीं होने पर चीखने-चिल्लाने लगी। उसने पड़ोसियों को बुलाया। लोगों से कहा- अतुल को सांप ने काट लिया है। कमरे में सांप है। अतुल के पैर में डसने के निशान भी हैं। पड़ोसियों को लगा कि अतुल की मौत सांप डसने से हुई है। लेकिन, अतुल के परिवारवालों को शक हुआ। अतुल के बड़े भाई ने पुलिस को सूचना दे दी। दामिनी अतुल के शव के पास बैठकर रो रही थी, तभी पुलिस आ धमकी। पुलिस ने ऐसे खोला राज पुलिस ने दामिनी से सीधे सवाल किया- मौत कैसे हुई? दामिनी ने जवाब दिया- मुझे गर्मी लग रही थी। इसलिए मैं बेटे के साथ कमरे से बाहर चारपाई पर जाकर सो गई। पुलिस को यह बात हजम नहीं हुई। दामिनी पर शक हो गया। इसके बाद पुलिस ने कॉल डिटेल खंगाली, तो पता चला कि तुषार पायला नाम के युवक से दामिनी की रात में कई बार बातचीत हुई थी। इसके बाद पुलिस ने तुषार को पकड़ लिया। उसने दामिनी की पूरी साजिश का खुलासा कर दिया। ———————– ये खबर भी पढ़िए- पति को सांप डसवाने वाली मेरठ की दामिनी की लवस्टोरी, पहली नजर में प्यार, घरवालों से लड़कर शादी मेरठ में दामिनी ने जिस पति को सांप से डसवाया, एक समय वह उसे बेइंतहा प्यार करती थी। 7 साल पहले दोनों ने परिवार के खिलाफ जाकर लव मैरिज की। एक बेटा भी हुआ। सब कुछ अच्छा चल रहा था। पढ़ें पूरी खबर..