बागपत में देर रात एडिशनल एसपी प्रवीण सिंह चौहान और सीओ सुकन्या शर्मा ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। दोनों अधिकारियों ने पैदल गश्त करते हुए मुख्य बाजारों में सुरक्षा जांची। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को जरूरी निर्देश दिए। स्थानीय लोगों से भी बातचीत की और उनसे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की। व्यापारियों से दुकानों के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाने और अतिक्रमण न करने को कहा गया। वंदना चौक और मुख्य बाजारों में खड़े असामाजिक तत्वों को कड़ी चेतावनी दी गई। उन्हें बताया गया कि अगर वे दोबारा बिना वजह घूमते पाए गए तो कार्रवाई की जाएगी। एडिशनल एसपी और सीओ एक जिम में भी पहुंचे। उन्होंने जिम संचालक से बातचीत की और उसे आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। यह कार्रवाई एसपी सूरज राय के निर्देश पर की जा रही है। अधिकारी लगातार फील्ड में उतरकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। एडिशनल एसपी प्रवीण सिंह चौहान ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया है और शांति व्यवस्था बनी हुई है।