बागपत के बड़ौत में भाजपा नेता और पूर्व नगरपालिका चेयरमैन अमित राणा को जान से मारने की धमकी देने वाले हिस्ट्रीशीटर रवि का पुलिस ने एनकाउंटर कर दिया। पुलिस की गोली रवि के पैर में लगी है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस बुधवार रात करीब 9 बजे चेकिंग कर रही थी। तभी एक बुलेट बाइक पर आ रहे रवि को रोकने की कोशिश की गई। रवि ने बाइक की रफ्तार बढ़ा दी और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाब में गोली चलाई, जिससे रवि के पैर में गोली लगी। पूछताछ में सामने आया कि रवि भाजपा नेता अमित राणा पर एक मामले में फैसले का दबाव बना रहा था। फैसला न होने पर रवि ने अमित राणा को फोन पर जान से मारने और परिवार पर हमला करने की धमकी दी थी। इस मामले में अमित राणा ने 7 सितंबर को मुकदमा दर्ज कराया था। रवि एक हिस्ट्रीशीटर है और उस पर करीब 30 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उसके पास से एक मोटरसाइकिल और कुछ जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। बड़ौत सीओ अंशु जैन ने बताया कि पुलिस टीम पर फायरिंग करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है और मामले की जांच की जा रही है।