यूपी की बड़ी खबरें:ईवीएम-वीवीपैट की जांच पारदर्शी होगी, लखनऊ में 14 सितंबर को 33 जिलों के अफसरों की ट्रेनिंग

विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर प्रदेश में तैयारियां तेज हो गई हैं। चुनाव से पहले ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की फर्स्ट लेवल चेकिंग (एफएलसी) कराई जाएगी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने अधिकारियों को जांच प्रक्रिया पारदर्शी और तय मानकों के अनुसार कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि एफएलसी के हर चरण की जानकारी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को दी जाएगी। उनकी जानकारी में पूरी प्रक्रिया कराई जाएगी, ताकि जांच को लेकर पारदर्शिता बनी रहे। 14 सितंबर को लखनऊ स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया प्रशिक्षण एवं प्रबंध अकादमी में प्रशिक्षण कार्यशाला होगी। इसमें 33 जिलों के जिला निर्वाचन अधिकारी और एफएलसी से जुड़े अधिकारी शामिल होंगे। इससे पहले गौतमबुद्ध नगर और वाराणसी में 21-21 जिलों के अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। आजमगढ़ से अलकायदा से जुड़ा संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार, साथियों को ‘मुजाहिद’ कहता था यूपी एंटी टेररिज्म स्क्वाड (ATS) ने आजमगढ़ से 19 साल के एक संदिग्ध आतंकी को गिरफ्तार किया है। उस पर प्रतिबंधित आतंकी संगठन अलकायदा इन इंडियन सब-कॉन्टिनेंट (AQIS) की विचारधारा फैलाने और सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को जोड़ने का आरोप है। युवक ग्रुप में जुड़े लोगों को ‘मुजाहिद’ कहता था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद नबील पुत्र मोहम्मद दानिश निवासी चितारा महमूदपुर, थाना दीदारगंज, आजमगढ़ के रूप में हुई है। एटीएस के अधिकारियों ने बताया- नबील के मोबाइल की जांच में AQIS की विचारधारा के प्रचार-प्रसार से जुड़े वॉट्सएप ग्रुप की जानकारी मिली है। एक ग्रुप का नाम अरबी भाषा में है। पूरी खबर पढ़िए रामपुर में सड़क हादसे में सिपाही की मौत, जयपुर से बरेली लौट रही थी पुलिस टीम; महिला कांस्टेबल घायल रामपुर में सड़क हादसे में सिपाही की मौके पर ही मौत हो गई। शुक्रवार को बरेली पुलिस की टीम एक नाबालिग लड़की को उसके माता-पिता को सौंपने के लिए जयपुर गई थी। वापस लौटते समय शनिवार सुबह 6 बजे अज्ञात वाहन ने पुलिस के वज्र वाहन में साइड से टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी तेज थी कि वज्र वाहन के परखच्चे उड़ गए। हादसे में कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि महिला कांस्टेबल को भी चोटें आईं। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दोनों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां सिपाही की इलाज के दौरान मौत हो गई। महिला कांस्टेबल का इलाज चल रहा है। दोनों की पोस्टिंग बरेली में है। मृतक सिपाही बुलंदशहर का रहने वाला है। मामला शहजादनगर थाना क्षेत्र का है। पढ़ें पूरी खबर… झांसी में रेलवे अफसर को ब्लैकमेल करने वाली युवती जेल में, अश्लील फोटो भेजकर मांगे थे 15 लाख रुपए झांसी में रेलवे अफसर को ब्लैकमेल करने की आरोपी मरीना लाजरस उर्फ मरीना जेस्सी (27) को 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। आरोप है कि मरीना ने AI की मदद से अफसर और उनके परिवार की आपत्तिजनक फोटो बनाई थीं। इन्हें वायरल करने की धमकी देकर 15 लाख रुपए मांगे गए थे। पुलिस ने आरोपी के पास से लैपटॉप और दो मोबाइल बरामद किए हैं। इनमें मिले डिजिटल सबूतों की जांच की जा रही है। तस्वीरों की फोरेंसिक जांच भी होगी। अफसर की पत्नी अंकिता भारद्वाज ने पुलिस को बताया कि जनवरी से जून के बीच मरीना को UPI से सात बार रुपए भेजे गए। पुलिस चैट, कॉल डिटेल और लेन-देन की भी जांच कर रही है। पढ़ें पूरी खबर… मेरठ में स्क्रैप कारोबारी को 3 गोलियां मारने के आरोपी ने सरेंडर किया, बोला-फर्जी एनकाउंटर मत करना मेरठ में स्क्रैप कारोबारी हारुन को 3 गोलियां मारने के आरोपी रवीश ने सरेंडर कर दिया है। उसने एसएसपी ऑफिस में शनिवार को आत्मसमर्पण किया। कहा-पुलिस का सहयोग करने को तैयार हूं। डर है कि पुलिस फर्जी मुठभेड़ कर सकती है। रवीश और उसके पिता इरशाद इस गोलीकांड के मुख्य आरोपी हैं। पढ़ें पूरी खबर… मथुरा में कॉलेज का छज्जा गिरने से मजदूर की मौत, शव रखकर प्रदर्शन मथुरा के गोवर्धन में राष्ट्रीय इंटर कॉलेज में निर्माण कार्य के दौरान छज्जा गिरने से मजदूर पंकज (35) की मौत हो गई। हादसे में एक अन्य मजदूर लाल सिंह भी घायल हुआ था। शनिवार को पंकज का शव लेकर परिजन और ग्रामीण कॉलेज के मुख्य द्वार पर पहुंचे और शव रखकर धरना शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने प्रशासन और ठेकेदार के खिलाफ नारेबाजी की। परिजनों ने परिवार के भरण-पोषण के लिए उचित मुआवजा और हादसे के जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की। परिजनों का कहना है कि निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई। पुलिस-प्रशासन ग्रामीणों को समझाने में जुटा है। पढ़ें पूरी खबर… आगरा पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड में युवक का शव फंदे से लटका मिला आगरा पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड में शनिवार सुबह एक युवक का शव लोहे की सीढ़ी पर रस्सी से लटका मिला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान 28 वर्षीय अनुज कुमार के रूप में हुई है। वह मूलरूप से बागपत का रहने वाला बताया गया है। पुलिस को मौके से सल्फास के पैकेट, पानी की बोतल, मोबाइल और चप्पल मिली हैं। पुलिस के मुताबिक, आत्महत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। जांच की जा रही है कि युवक पुलिस लाइन परिसर में कब और कैसे पहुंचा। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है। पढ़ें पूरी खबर… आगरा में छत से गिरकर जूता कारीगर की मौत, महिला पर धक्का देने का आरोप आगरा में शुक्रवार शाम दो मंजिला छत से गिरे जूता कारीगर विष्णु कुमार (30) की एसएन मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। परिजनों ने पड़ोस में रहने वाली महिला पर पांच लाख रुपए और सोने की चेन की मांग पूरी न होने पर विष्णु को छत से धक्का देने का आरोप लगाया है। घटना छत्ता थाना क्षेत्र के बेलनगंज स्थित पंजा मदरसा के पास हुई। आरोप है कि दोनों के बीच करीब पांच साल से संबंध थे। घटना के बाद महिला और उसका देवर फरार हो गए। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद जांच शुरू कर दी है। पढ़ें पूरी खबर… PET-2026 में रिकॉर्ड 35.41 लाख आवेदन, पिछले साल से 10 लाख ज्यादा यूपी प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) 2026 के लिए 35 लाख 41 हजार 296 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। यह उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) के इतिहास में पीईटी के लिए सबसे ज्यादा आवेदन हैं। पिछले साल करीब 25 लाख 32 हजार अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था। PET-2026 की परीक्षा 23, 24 और 25 अक्टूबर को होगी। परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 10 से दोपहर 12 बजे और दूसरी पाली दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक होगी। पूरी खबर पढ़िए…