जातिगत जनगणना के फॉर्म में OBC का अलग कॉलम नहीं होने को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर हमला बोला। शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में यूपी प्रभारी एवं पूर्व मंत्री राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि फॉर्म में SC/ST का कॉलम है। लेकिन, OBC के लिए अलग कॉलम नहीं है। इसका सीधा मतलब है कि सरकार पिछड़े वर्ग को सामाजिक, आर्थिक, रोजगार और राजनीतिक भागीदारी नहीं देना चाहती। गौतम ने कहा कि संसद में प्रधानमंत्री ने जातिगत जनगणना कराने का आश्वासन दिया था। कांग्रेस की मांग है कि केंद्र सरकार दोबारा नोटिफिकेशन जारी करे। OBC की सभी जातियों को शामिल करने के लिए अलग ड्रॉप-डाउन कॉलम बनाया जाए। यहां पढ़ें पूरी खबर प्रयागराज में मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 2 की मौत; 25 से ज्यादा नीचे दबे प्रयागराज में शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में ट्रॉली में सवार दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि करीब 20 मजदूर घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर के सामने अचानक एक बाइक आ गई। बाइक को बचाने के चक्कर में चालक ने नियंत्रण खो दिया। ट्रैक्टर डिवाइडर से टकराया और ट्रॉली समेत पलट गया। हादसे के बाद ट्रॉली में सवार मजदूरों में चीख-पुकार मच गई। करीब 30 लोग ट्रॉली के नीचे दब गए। हादसा होते ही आसपास मौजूद ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बचाव कार्य शुरू कर ट्रॉली के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया। पुलिस ने दोनों महिलाओं के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही हादसे की जांच शुरू कर दी है। हादसा शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के प्रयागराज-रीवा हाईवे (NH-30) पर सुरवल साहनी के पास हुआ। पढ़िए पूरी खबर… गोरखपुर में ट्रक से टकराई बस, चालक की मौत: 15 यात्री घायल, बस में 37 लोग सवार थे गोरखपुर-वाराणसी हाईवे पर गुरुवार देर रात एक बस अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में बस चालक समेत 15 यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान चालक दयाशंकर यादव की मौत हो गई। हादसे के समय बस में 37 यात्री सवार थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने यात्रियों और चालक के परिजनों को हादसे की जानकारी दे दी। साथ ही पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाई। हादसा बेलीपार थाना क्षेत्र के बाघागाड़ा में हुआ। पढ़िए पूरी खबर.. मेरठ में रिटायर्ड टीचर को 8 दिन हाउस अरेस्ट किया: 7 लाख ठगे, NIA अफसर बनकर 18 लाख के एडवांस चेक भरवाए मेरठ में साइबर ठगों ने रिटायर्ड शिक्षक और उनकी पत्नी को 8 दिन तक घर में ही कैद रखकर 7 लाख रुपए की ठगी की। खुद को NIA का अफसर बताने वाले आरोपियों ने दंपती को आतंकवादियों से संबंध और देश विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का डर दिखाया। ठगों ने करीब 18 लाख रुपए के एडवांस चेक भी भरवा लिए थे। रकम ट्रांसफर कराने के लिए खाता नहीं मिलने और 15 अगस्त की छुट्टी पड़ने से शिक्षक को शक हुआ। इससे पहले कि ठग और रकम ऐंठ पाते, दंपती को साइबर फ्रॉड का एहसास हो गया। फूलबाग कॉलोनी गली नंबर-1 निवासी डीएन इंटर कॉलेज के रिटायर्ड शिक्षक जीत सिंह अपनी पत्नी सुखबीरी देवी के साथ रहते हैं। उनका बेटा कनाडा में है और बेटी की शादी हो चुकी है। 9 अगस्त को उनके के मोबाइल पर कॉल आई। फोन करने वाले ने अपना नाम रंजीत बताते हुए खुद को लखनऊ स्थित NIA कार्यालय का अधिकारी बताया और मुंबई से आई एक रिपोर्ट का हवाला देकर शिक्षक को दो करोड़ रुपए के घोटाले में फंसाने की बात कही। पढ़िए पूरी खबर… मऊ में ओमप्रकाश राजभर बोले- 2027 में NDA के सामने नहीं टिकेगी सपा, इस जन्म में सरकार नहीं बनेगी कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने सपा और अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। राजभर ने कहा कि 2027 में NDA के सामने सपा नहीं टिकेगी। इस जन्म में सरकार नहीं बनेगी, अगली पैदाइश की तैयारी करें। उन्होंने कहा कि उनके अलग होने के बाद सपा के पास ऐसा कोई चेहरा नहीं है, जो उस वोट को अपने पक्ष में ला सके। अखिलेश यादव के 2027 में सरकार बनाने के दावे को भी ‘दिवास्वप्न’ बताया। उन्होंने कहा कि अब उनके अलग होने के बाद अखिलेश परेशान हैं। पढ़ें पूरी खबर…