झांसी में कांवड़ियों पर हेलिकॉप्टर से फूल बरसाए गए तो अफरा-तफरी मच गई। गुरुवार को कांवड़ रूट पर काफी नीचे उड़ते हेलिकॉप्टर के पंखों से तेज हवा उठी, जिसकी चपेट में सड़क पर चल रहे कई राहगीर और बाइक सवार आ गए। तेज हवा से लोग संतुलन खोकर सड़क पर गिर पड़े, जबकि कई होर्डिंग और बैनर भी उड़ने लगे। इसका वीडियो सामने आया है। इसमें हेलिकॉप्टर कम ऊंचाई पर उड़ते दिख रहा है। वीडियो में पुष्प वर्षा के दौरान हेलिकॉप्टर जैसे ही नीचे कुछ नीचे आता है तो सड़क पर चल रहे एक-एक कर 4 से 5 बाइक सवार गिर गए। एक चश्मदीद ने कहा- होर्डिंग-बैनर फट गए थे। सबकुछ अस्त-व्यस्त हो गया था। टेबल उड़ गई थीं। हेलिकॉप्टर काफी नीचे आ गया था। कमिश्नर और आईजी रेंज ने फूल बरसाए थे भाजपा नेता और सदर विधानसभा से टिकट के दावेदार संजीव श्रृंगिरषि ने बुंदेलखंड कांवड़ यात्रा समिति के बैनर तले गुरुवार को ओरछा से झांसी के सिद्धेश्वर मंदिर तक कांवड़ यात्रा निकाली थी। आयोजकों ने यात्रा में करीब 16 हजार लोगों के शामिल होने का दावा किया। कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा के लिए बबीना विधायक की मदद से प्रदेश सरकार का राजकीय हेलिकॉप्टर बुलाया गया था। कमिश्नर बिमल दुबे और आईजी रेंज आकाश कुलहरि ने हेलिकॉप्टर से कांवड़ियों और शिवभक्तों पर फूल बरसाए। कमिश्नर ने कहा था- सावन के महीने में कांवड़ यात्रा का विशेष धार्मिक महत्व है। यह खुशी की बात है कि झांसी में कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा के लिए हेलिकॉप्टर की व्यवस्था की गई। दूसरी बार हेलिकॉप्टर लौटा तो ऊंचाई कम थी कांवड़ियों की यात्रा के इलाइट चौराहा पहुंचने पर पुलिस लाइन ग्राउंड से राजकीय हेलिकॉप्टर ने उड़ान भरी। पहली बार हेलिकॉप्टर सुरक्षित ऊंचाई पर उड़ता रहा और वहीं से कांवड़ियों पर फूल बरसाए गए। इसके बाद हेलिकॉप्टर दूसरी बार इलाइट चौराहे के ऊपर पहुंचा तो उसकी ऊंचाई काफी कम नजर आई। हेलिकॉप्टर के नीचे आते ही पंखों से तेज हवा चलने लगी। इलाइट चौराहे पर सड़की की एक लेन पर कांवड़िए तो दूसरी तरफ गाड़ियां चल रही थी। हेलिकॉप्टर की हवा से सड़क पर कई बाइक सवार गिर पड़े। हवा इतनी तेज थी कि सड़क किनारे लगे होर्डिंग और बैनर भी उड़ने लगे। अचानक बने हालात से मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। सुरक्षा मानकों पर लोगों ने सवाल उठाए हादसे के बाद अब लोग सवाल उठा रहे हैं कि पुष्प वर्षा के लिए हेलिकॉप्टर को इतनी कम ऊंचाई पर क्यों लाया गया? क्या हेलिकॉप्टर के संचालन के दौरान तय सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था? कांवड़ यात्रा ओरछा से शुरू होकर सातार, ओरछा तिगैला, भगवंतपुरा, रिसाला चुंगी, बस स्टैंड, कचहरी चौराहा, जेल चौराहा, इलाइट चौराहा, जीवनशाह और बीकेडी चौराहा होते हुए सिद्धेश्वर मंदिर पहुंची। यहां भगवान शिव का जलाभिषेक किया गया। इसी दौरान पुष्पवर्षा हुई थी। कांवड़ यात्रा में चेन स्नेचर भी पकड़ा गया था झांसी में कांवड़ यात्रा के दौरान महिला की सोने की चेन छीनने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को पकड़ा है। भीड़ के बीच चेन स्नेचिंग की सूचना के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया। —————————- ये खबर भी पढ़िए- सपा नेता फूट-फूटकर रोया, बोला- SSP ने बूटों से मारा, ‘चोली के पीछे क्या है…’ गाने पर नचवाया मेरठ में ललिता गौतम हत्याकांड में प्रदर्शनकारियों पर थप्पड़ बरसाने वाले SSP अविनाश पांडेय पर सपा नेता ने मारपीट के आरोप लगाए हैं। सपा नेता डॉ. दिग्विजय भाटी और मोहित जाटव ने दावा किया कि SSP ने उन्हें अपने चैंबर में गालियां दीं। बुरी तरह से मारा-पीटा। अपने बूट से ताबड़तोड़ वार किए। उन्हें अंदरूनी चोटें आईं और उनकी एक आंख भी सूज गई। पढ़ें पूरी खबर…