यूपी की बड़ी खबरें:24 मई से पहले होंगे विधानसभा चुनाव, घोसी, दुद्धी और फरीदपुर सीट पर अब उपचुनाव नहीं

यूपी में विधानसभा चुनाव 24 मई, 2027 से पहले करा लिए जाएंगे। यह बात दैनिक भास्कर डिजिटल के सवाल पर मुख्य चुनाव ज्ञानेश कुमार ने कही। यूपी में जनगणना का तीसरा चरण फरवरी 2027 में प्रस्तावित है। 2017 और 2022 की समय सारणी के अनुसार फरवरी मार्च 2027 में विधानसभा चुनाव भी संभावित है। जनगणना और चुनाव साथ साथ कैसे हो सकते है। इस सवाल के जवाब में ज्ञानेश कुमार ने कहा- जनगणना एक कानूनी प्रक्रिया है। जबकि, विधानसभा चुनाव संवैधानिक प्रक्रिया है। इसलिए संवैधानिक प्रक्रिया ज्यादा महत्वपूर्ण है। ज्ञानेश कुमार ने संकेत दिया कि यूपी में विधानसभा चुनाव समय पर होंगे। जरूरत पड़ने पर जनगणना के कार्य को आगे बढ़ाया जा सकता है। घोसी, दुद्धी और फरीदपुर में नहीं होंगे उपचुनाव ज्ञानेश कुमार ने कहा कि यूपी में अगले विधानसभा चुनाव में एक साल से भी कम समय बचा है, इसलिए इन सीटों पर उपचुनाव कराने का फैसला नहीं लिया गया है। भारत अंतरराष्ट्रीय लोकतंत्र एवं निर्वाचन प्रबंधन संस्थान में आयोजित राष्ट्रीय मीडिया सम्मेलन में ज्ञानेश कुमार ने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) की प्रक्रिया 10 अप्रैल तक चली। इसके बाद पश्चिम बंगाल समेत अन्य राज्यों के चुनाव हुए, जिससे निर्वाचन आयोग लगातार चुनावी कार्यों में व्यस्त रहा। पढ़ें पूरी खबर… कानपुर देहात में 11वीं की छात्रा ने फंदा लगाया, मौत से 3 घंटे पहले डायल-112 पहुंची थी घर कानपुर देहात में 16 साल की छात्रा ने गुरुवार शाम फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उसकी मौत से करीब तीन घंटे पहले डायल-112 पर एक अज्ञात व्यक्ति ने छात्रा के साथ मारपीट होने की सूचना दी थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पूछताछ में घर का माहौल सामान्य मिला। पुलिस परिवार को समझाकर लौट गई। इसके कुछ घंटे बाद शाम करीब 6 बजे छात्रा ने घर में फंदा लगाकर जान दे दी। पिता ने पड़ोस में रहने वाले युवक पर बेटी को परेशान करने का आरोप लगाया है। पढ़ें पूरी खबर…
शाहजहांपुर मेडिकल कॉलेज में छात्राओं से मारपीट, विधायक के रिश्तेदारों का हंगामा, छात्राएं हड़ताल पर बैठीं शाहजहांपुर के राजकीय मेडिकल कॉलेज में तीमारदारों ने डायलिसिस डिप्लोमा की छात्राओं के साथ मारपीट कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने वार्ड में तोड़फोड़ कर छात्राओं से अभद्रता की। तीमारदारों ने खुद को भाजपा नेता व विधायक का करीबी बताते हुए धमकी दी। वहीं धमकी देते हुए थार से फरार हो गए। घटना शुक्रवार दोपहर 12 बजे की है। मारपीट के बाद आक्रोशित छात्राओं ने कार्य बहिष्कार कर हड़ताल शुरू कर दी। वहीं पुलिस से आरोपियों की गिरफ्तारी व सुरक्षा की मांग की। पढ़ें पूरी खबर.. वकील के 3 मंजिला मकान में आग; चार्जिंग में लगी ई-स्कूटी में धमाके से भड़की; सफारी-बुलेट भी राख कानपुर में एक वकील के तीन मंजिला मकान में गुरुवार रात 10 बजे आग लग गई। पार्किंग में खड़ी ई-स्कूटी में चार्जिंग के दौरान धमाका हुआ। चिंगारी से पास में खड़ी सफारी कार और बुलेट भी धू-धू कर जलने लगी। देखते ही देखते आग ने 2 मंजिलों को चपेट में ले लिया। धुएं का काला गुबार 2 किमी. दूर से ही दिखाई दे रहा था। हादसे के वक्त वकील सुधांशु सचान, टीचर पत्नी श्वेता, पिता धीरेंद्र सचान और मां सुनीता तीसरी मंजिल पर थे। सुधांशु ने बताया कि खाना खाने के बाद हम सोने की तैयारी कर रहे थे। धुआं देखकर आग का पता चला। फिर हम सीढ़ियों के रास्ते भागकर बाहर आए। तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए। पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दमकल की 4 गाड़ियों ने करीब डेढ़ घंटे में आग पर काबू पाया। घटना बर्रा थाना क्षेत्र के विश्व बैंक कॉलोनी की है। सीएफओ दीपक शर्मा ने बताया- समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। कोई जनहानि नहीं हुई है। पढ़िए पूरी खबर… गुरु पूर्णिमा पर भक्तों को दर्शन देंगे संत प्रेमानंद महाराज: 23 से 29 जुलाई तक उत्सव, सत्संग, संकीर्तन और संध्या आरती होगी वृंदावन में 2 महीने से एकांतवास कर रहे संत प्रेमानंद महाराज गुरु पूर्णिमा पर अपने भक्तों को दर्शन देंगे। श्री राधा केली कुंज आश्रम में 23 से 29 जुलाई तक गुरु पूर्णिमा उत्सव के दौरान सत्संग, संध्या आरती, संकीर्तन और अन्य धार्मिक कार्यक्रम होंगे। उत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। इस वजह से आश्रम प्रबंधन ने एडवाइजरी जारी की है। भीड़ प्रबंधन के लिए अलग-अलग राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए अलग-अलग तिथियां तय की गई हैं। पढ़िए पूरी खबर… बरेली में मुठभेड़ में बदमाश गिरफ्तार: पुलिस से बोला- अब कभी गोकशी नहीं करूंगा, घर से 40 किलो मांस मिला था बरेली में गोवंश कटान के आरोपी अकीलउद्दीन उर्फ गट्टू को गुरुवार देर रात पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने पुलिस से कहा- अब कभी गोकशी नहीं करूंगा। इससे पहले उसके घर पर छापेमारी में करीब 40 किलो गोमांस बरामद हुआ था। घटना इज्जतनगर थाना क्षेत्र की है। पुलिस मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। पढ़िए पूरी खबर… मुजफ्फरनगर में अंतरराज्यीय चोरी गिरोह के 4 बदमाश गिरफ्तार, मुठभेड़ में एक को लगी गोली, 5 कारें बरामद; म्यांमार करते थे सप्लाई मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे पुलिस ने एक अंतरराज्यीय कार गिरोह के चार बदमाशों को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी जबकि तीन अन्य आरोपियों को पुलिस ने कांबिंग कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी अलग-अलग राज्यों से लग्जरी कारें चोरी कर बेचते थे। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि चोरी की गई गाड़ियां म्यांमार सप्लाई करते थे। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है। घायल आरोपी को इलाज के लिए सीएचसी बुढ़ाना में भर्ती कराया गया है। बदमाशों के कब्जे से पांच लग्जरी कारें, एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस और चोरी करने के उपकरण बरामद किए हैं। चारों आरोपियों पर चोरी और आर्म्स एक्ट के तहत उत्तर प्रदेश और नॉर्थ दिल्ली के कई थानों में 33 मुकदमे दर्ज हैं। पूरी खबर पढ़िए ललिता गौतम में चार्जशीट लगते ही सीओ का ट्रांसफर: किठौर सर्किल की जिम्मेदारी मिली, रामप्रकाश ब्रह्मपुरी भेजे गए मेरठ में दलित छात्रा के अपहरण के बाद हत्या के मामले में पुलिस ने गुरुवार को कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी। इसके कुछ ही देर बाद सीओ ब्रह्मपुरी सौम्या अस्थाना का तबादला कर उन्हें किठौर सर्किल की जिम्मेदारी सौंप दी गई, जबकि किठौर के सीओ रामप्रकाश को ब्रह्मपुरी भेजा गया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह बदलाव कांवड़ यात्रा की तैयारियों के तहत नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा है। हालांकि, चार्जशीट दाखिल होने के तुरंत बाद हुए इस ट्रांसफर को दलित छात्रा हत्याकांड से जोड़कर भी देखा जा रहा है। पढ़िए पूरी खबर… सहारनपुर में युवक से 92 हजार की ठगी: क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का झांसा देकर पैसे लिए, केस दर्ज सहारनपुर में बैंक कर्मचारी बनकर क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का झांसा देकर 92 हजार रुपए की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने गुरुवार रात करीब 10 बजे अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला कुतुबशेर थाना क्षेत्र की है। पुलिस के मुताबिक, मोहल्ला ढोली खाल निवासी कलीम अहमद ने 15 मार्च 2026 को बैंक ऑफ बड़ौदा के क्रेडिट कार्ड के लिए आवेदन किया था। 25 मार्च को कार्ड मिला। चार दिन बाद 29 मार्च को उनके पास एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। कॉल करने वाले ने खुद को बैंक ऑफ बड़ौदा का कर्मचारी बताते हुए क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का प्रस्ताव दिया। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी ने काफी देर तक कॉल पर व्यस्त रखा। कॉल कटने के कुछ देर बाद क्रेडिट कार्ड से 67 हजार रुपए का ट्रांजैक्शन हुआ। जांचने पर पता चला कि 25 हजार का लोन भी ले लिया गया। इस तरह कुल 92 हजार की धोखाधड़ी हुई। पढ़िए पूरी खबर…