पहाड़ों पर बर्फबारी से यूपी में ठंड बढ़ गई है। सुबह-रात के वक्त भीषण कोहरा पड़ रहा है। विजिबिलिटी इतनी कम हो रही है कि सड़कों पर 10 मीटर दूर भी कुछ नहीं दिख रहा है। कोहरे के चलते एक्सप्रेस-वे पर गाड़ियों की स्पीड लिमिट कम कर दी गई है। आगरा-लखनऊ, पूर्वांचल, बुंदेलखंड, गोरखपुर लिंक और गंगा एक्सप्रेस-वे पर स्पीड लिमिट 50 से 80 kmph कर दी गई है। कारें 80, बसें 60 और ट्रक जैसे मालवाहक वाहन 50 kmph से ज्यादा रफ्तार से नहीं चल पाएंगे। बुधवार सुबह गोरखपुर, देवरिया, जौनपुर, मऊ और कुशीनगर समेत 15 शहरों में कोहरा छाया रहा। सड़कों पर सन्नाटा रहा। पिछले 24 घंटे की बात करें तो रात का पारा 10°C के करीब पहुंच गया है। 20 जिलों में तापमान 15°C से नीचे लुढ़क गया है। 11.1°C के साथ बरेली सबसे ठंडा शहर रहा। लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- अगले 5 दिन भीषण ठंड पड़ेगी। कोहरा और घना होगा। उत्तर-पश्चिमी हवाओं के जोर पकड़ने से दिन में भी ठंड पड़ेगी। तापमान 15°C से 20°C के बीच आ जाएगा। ठिठुरन भरी सर्दी का सिलसिला शुरू हो जाएगा।