उत्तर प्रदेश के पूर्व डिप्टी सीएम और वर्तमान में राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा को अंडमान निकोबार का उपराज्यपाल बनाया गया है। उनका राज्यसभा का कार्यकाल अभी 2 महीने (नवंबर, 2026 तक) बाकी है। डॉ. दिनेश शर्मा एडमिरल डीके जोशी (सेवानिवृत्त) की जगह लेंगे। डॉ. शर्मा ने उपराज्यपाल बनाए जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह का आभार जताया है। डॉ. दिनेश शर्मा 2007 से 2017 तक लखनऊ नगर निगम के महापौर रह चुके हैं। वह 2017 से मार्च, 2022 तक यूपी के डिप्टी सीएम रहे। फिर 2023 में राज्यसभा सदस्य चुने गए। डॉ. दिनेश शर्मा 1998 से अब तक लगातार सक्रिय राजनीति में थे। वे हमेशा किसी न किसी पद पर रहे हैं। वहीं, डॉ. शर्मा को उपराज्यपाल बनाकर भाजपा ने यूपी के ब्राह्मण समाज को साधने की कोशिश की है। अवध क्षेत्र में डॉ. दिनेश शर्मा बीजेपी के बड़े ब्राह्मण चेहरे हैं। भाजपा यूपी प्रभारी विनोद तावड़े ने दी बधाई यूपी भाजपा प्रभारी विनोद तावड़े ने डॉ. दिनेश शर्मा को बधाई दी है। उन्होंने सोशल मीडिया X पर लिखा- उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं वर्तमान राज्यसभा सांसद भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. दिनेश शर्मा जी को अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह के उपराज्यपाल नियुक्त किए जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। आपके कुशल नेतृत्व एवं अनुभव से अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह के विकास को नई दिशा और गति मिलेगी, ऐसा मुझे विश्वास है। कौन हैं डॉ. दिनेश शर्मा? डॉ. दिनेश शर्मा का जन्म 12 जनवरी, 1964 को प्रदेश की राजधानी लखनऊ में हुआ था। उनका ताल्लुक लखनऊ के एक कर्मकांडी ब्राह्मण परिवार से है। इनके पिता केदार नाथ शर्मा (पाधाजी) RSS और जनसंघ के कार्यकर्ता थे। डॉ. दिनेश शर्मा ने लखनऊ विश्वविद्यालय से शिक्षा प्राप्त की और फिर बाद में यहीं प्रोफेसर भी रहे। प्रोफेसर कार्यकाल के दौरान उन्होंने 20 से अधिक छात्रों को पीएचडी कराई और 6 किताबें लिखीं। तीन दशक तक लगातार पद पर रहे दिनेश शर्मा यूपी के पूर्व डिप्टी सीएम और राज्यसभा सदस्य डॉ. दिनेश शर्मा बीते तीन दशक से लगातार राजनीति में सक्रिय हैं। तभी से वह सरकार और संगठन में किसी न किसी पद पर बने रहे। 1993 से 1998 तक भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रहे। राष्ट्रीय युवा आयोग के अध्यक्ष रहे। उत्तर प्रदेश पर्यटन निगम के उपाध्यक्ष समेत अन्य पदों पर रहे। 2007 से मार्च- 2017 तक लखनऊ के महापौर रहे। 2014 में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए गए। इसी साल भाजपा के सदस्यता अभियान के राष्ट्रीय संयोजक बनाए गए। 2017 से 2022 तक यूपी के डिप्टी सीएम रहे। 2023 में फिर राज्यसभा सदस्य चुने गए। 2024 के लोकसभा चुनाव में महाराष्ट्र में भाजपा के चुनाव प्रभारी बनाए गए।