यूपी के 39 शहरों में बारिश, घर में घुसा मगरमच्छ:नदियां उफनाईं, मेडिकल कॉलेज में पानी भरा; कल 25 जिलों में बादल बरसेंगे

यूपी में मानसून एक बार फिर जोर पकड़ने लगा है। शनिवार को कानपुर, प्रयागराज और मेरठ समेत 39 शहरों में हुई। मेरठ में बारिश से मेडिकल कॉलेज में पानी भर गया। मरीजों-तीमारदारों को उसी पानी से होकर गुजरना पड़ा। प्रयागराज में दोपहर 12 बजे तेज हवाओं के साथ हुई झमाझम बारिश से सड़कों पर पानी भर गया। संगम तट पर नावें डगमगाती नजर आईं। कानपुर में शाम 4 बजे तेज बारिश हुई। लखनऊ, अयोध्या और वाराणसी समेत प्रदेश के 30 शहरों में सुबह से बादल छाए रहे। बीच-बीच में धूप निकली। मौसम विभाग (IMD) ने आज 30 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। रविवार को 25 जिलों में बरसात की संभावना है। 40 से 50 किमी की स्पीड से हवाएं चल सकती हैं। गरज-चमक के साथ बिजली भी गिरने का अलर्ट है। उधर, पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही भारी बारिश से गंगा और यमुना समेत 10 से ज्यादा नदियां उफान पर हैं। घाघरा और शारदा समेत 4 नदियां खतरे के निशान को पार कर चुकी हैं। सोनभद्र में कनहर बांध के लबालब होने के बाद उसके 3 गेट खोल दिए गए हैं। बनबसा, गिरिजा और घाघरा बैराजों से 3.20 लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद शारदा और घाघरा नदियों का पानी गांवों में घुसने लगा है। सीतापुर, पीलीभीत और लखीमपुर के रिहायशी इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। पानी के साथ बहकर आ रहे मगरमच्छ अब लोगों के घरों में घुस रहे हैं। बागपत और नोएडा में हिंडन, बदायूं में गंगा, गोंडा-बलिया में घाघरा और कुशीनगर में गंडक नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। बस्ती और अयोध्या में सरयू नदी के किनारे तेजी से कटान हो रहा है, जिससे कई पेड़ नदी के तेज बहाव में समा गए हैं। प्रदेश में बिगड़ते हालात को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी ने अफसरों को तुरंत ग्राउंड जीरो पर उतरने के निर्देश दिए हैं। CM ने कहा कि अधिकारी बारिश, बाढ़ और आकाशीय बिजली से प्रभावित हर व्यक्ति तक तुरंत राहत पहुंचाना सुनिश्चित करें। 4 तस्वीरें देखिए- लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- मानसून रेखा का दक्षिण की ओर खिसकने और बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के कमजोर होने से अगले कल तक बारिश की गतिविधियों में कमी देखी जाएगी। मानसूनी सक्रियता फिलहाल पश्चिम-मध्य भारत की तरफ शिफ्ट हो गई है। 2 दिन बाद हालात बदलेंगे। 27 और 28 जुलाई से मानसून एक बार फिर सक्रिय होगा। प्रदेश में कल कहां-कहां बारिश के आसार, देखिए यूपी में मौसम के पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…