मुरादाबाद में ओवैसी बोले-छात्रों के आगे सरकार को झुकना पड़ा:अब हम दरी बिछाकर नहीं बैठेंगे, कुर्सी पर अखिलेश बैठेंगे तो पैर पर पैर डालकर बात करेंगे

मुरादाबाद में AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर कहा- यह देश के युवाओं के संघर्ष, जद्दोजहद और कुर्बानी की बड़ी जीत है। युवाओं, छात्रों के आगे सरकार को झुकना पड़ा। आने वाला वक्त बताएगा कि हम विजयी रहेंगे। मैं सलाम करता हूं उन छात्रों को जिन्होंने कई हफ्तों से जंतर-मंतर पर बैठकर ऐसा मंतर पढ़ा कि मोदी को रात के 12 बजे वीडियो बनाना पड़ा। देश में तानाशाही नहीं चलेगी। संगठित आवाज के आगे सत्ता को भी झुकना पड़ता है। ओवैसी ने कहा कि लोकतंत्र को संविधान के दायरे में रहकर ही चलाना होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में राष्ट्रीय या राज्य स्तर की किसी भी प्रतियोगी परीक्षा के पेपर लीक नहीं होंगे। उन्होंने कहा- अब हम दरी बिछाकर नीचे नहीं बैठना चाहते। अब हम बराबरी चाहते हैं। अगर कुर्सी होगी, अखिलेश बैठेंगे तो ओवैसी उस कुर्सी के सामने पैर पर पैर डालकर बैठकर हक और इंसाफ की बात करेंगे। मैं पहले भी कह चुका हूं और आज भी कह रहा हूं कि मजलिस नहीं चाहती कि दोबारा भाजपा की सरकार बने। मैं हाथ मिलाने को तैयार हूं, मैं गठबंधन करने को तैयार हूं। आज वक्त है, बात कर लो। बाद में चुनाव खत्म होने पर रोना मत। ओवैसी ने ये बातें शनिवार रात 11 बजे जामा मस्जिद ग्राउंड पर सभा में कहीं। युवाओं के दबाव में मोदी को रात में वीडियो बनाना पड़ा ओवैसी ने कहा कि देश की बड़ी आबादी युवा है और भविष्य की राजनीति में युवाओं की भूमिका बढ़नी चाहिए। AIMIM पार्टी का उद्देश्य केवल भावनात्मक भाषण देना नहीं, बल्कि मुद्दों के आधार पर जनता की आवाज उठाना है। जंतर-मंतर पर हुए आंदोलन पर ओवैसी ने कहा कि धरना दे रहे युवाओं ने ऐसा दबाव बनाया कि PM मोदी को भी इस मुद्दे पर रात को वीडियो बनाना पड़ा। युवाओं के लोकतांत्रिक संघर्ष ने सरकार को फैसला बदलने के लिए मजबूर किया। आजम को सजा हुई, क्या सपा ने प्रदर्शन किया ओवैसी ने कहा- अब चुनाव का मौसम आएगा, तो कोई आकर कहेगा कि फलां को मुख्यमंत्री बनाना है, हम सत्ता में आ रहे हैं। चार बार आपने गलती की, आपने अपनी लीडरशिप को पैदा नहीं किया। मैं यह पूछना चाहता हूं कि आजम खान को जेल में डालने के बाद सजा हो गई, कितने सपा के लोग रोड पर निकलकर आकर धरना दिए? बताओ हमको, कोई जवाब नहीं दे सकेगा। अतीक को पुलिस कस्टडी में गोली मार दी गई, कोई विरोध प्रदर्शन नहीं हुआ। ऐसे कितनी बातें मैं तुम्हारे सामने रख सकता हूं। आज आप देख रहे हैं कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार है। वो एक पूरी कोशिश कर रही है कि मुस्लिम अल्पसंख्यक के बच्चे और बेटियां शिक्षित न हों। इसीलिए जौहर यूनिवर्सिटी को ध्वस्त करने की नोटिस दी जाती है। BJP-RSS नहीं चाहती कि भारत के मुसलमान ताकतवर बनें ओवैसी ने कहा- इस बात का यकीन कर लीजिए कि BJP-RSS की हिंदुत्व की आइडियोलॉजी नहीं चाहती कि भारत में मुसलमान ताकतवर बने। ये हमको कमजोर करना चाहती है। मैं आपसे अपील कर रहा हूं कि एकजुट रहिए। ओवैसी ने कहा- हमने देखा कि समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश ने सोशल मीडिया पर लिखा कि जौहर यूनिवर्सिटी की उन तमाम बिल्डिंग्स को रेगुलराइज कर दिया जा सकता है। अखिलेश यादव ने कानून का हवाला दिया, कहा कि 1973 का उत्तर प्रदेश नगर विकास अधिनियम, इसके तहत जौहर यूनिवर्सिटी को रेगुलराइज कर दिया जा सकता है। 2017 तक मुख्यमंत्री पद पर रहते हुए अखिलेश यादव ने जौहर यूनिवर्सिटी को नियमित क्यों नहीं किया, जबकि उनके पास 1973 के कानून का इस्तेमाल करने का पूरा मौका था। जब वे सत्ता में थे तब यूनिवर्सिटी को नहीं बचाया और अब चुनाव पास आने पर सिर्फ वोट हासिल करने के लिए झूठे बयान दे रहे हैं। राम मंदिर में चोरी कैसे हुई, चंपत को आपने छोड़ दिया ओवैसी ने कहा- मैं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री से पूछ रहा हूं कि राम मंदिर में यह चोरी कैसे हुई, बताओ? चंपत को आपने छोड़ दिया, आठ को पकड़ लिया। आस्था-आस्था कहकर धोखा दिया गया। असली आस्था इनकी नोट में है, पैसे में है। लूटने के लिए सब काम किया गया। आज आप देख रहे हैं कि कुदरत इन लोगों को कैसे बेनकाब कर रही है। उन्होंने कहा- मस्जिद का मसला उठाया जाता है। अब तैयार हो जाइए, बाबा बोलेंगे कि 80-20 का खेल होगा। उधर से सपा वाले बोलेंगे कि 20 हमारी जेब में है। हम किसी की जेब में नहीं हैं। हम किसी धर्म के खिलाफ न थे, न कभी रहेंगे। हमारी लड़ाई इज्जत की है। हमारी लड़ाई हमारे अधिकारों की है। हमारी लड़ाई इंसाफ की है। हमारी लड़ाई हिस्सेदारी की है। लाइट कटी तो समर्थकों ने मोबाइल की टार्च जलाकर नारेबाजी की ओवैसी के कार्यक्रम में थोड़ी देर के लिए बिजली चली गई। इस पर उन्होंने सरकार पर भी तंज कसा। समर्थकों ने मोबाइल की टार्च जलाकर नारेबाजी की। ओवैसी ने कहा- प्रदेश के मुसलमानों के पास अब बड़ा राजनीतिक विकल्प है। आने वाले विधानसभा चुनाव में AIMIM पार्टी बेहतर प्रदर्शन करेगी। आने वाले समय में AIMIM की आवाज उत्तर प्रदेश विधानसभा में भी सुनाई देगी। ओवैसी ने कहा- मैं उम्मीद करता हूं कि भारत में हमारी 65% आबादी की उम्र 35 साल से कम उम्र के लोगों पर है। भारत की 50% आबादी 25 साल से कम उम्र की है। हमारी भी कोशिश यही होगी कि यूपी के आने वाले विधानसभा में नौजवानों को AIMIM अपना उम्मीदवार बनाएगी, ताकि वो जाकर आपकी बेबाक तरीके से प्रतिनिधित्व करेंगे। हमारी यह कोशिश होगी कि 2029 का जब चुनाव होगा तो कोई 80 साल का शख्स भारत का प्रधानमंत्री नहीं बनेगा, बल्कि कोई 45-40 साल का नौजवान इस मुल्क का प्रधानमंत्री बनेगा। ————————— ये खबर भी पढ़िए- CJP बोली-यूपी में पेपर लीक नहीं रुका तो आंदोलन होगा: धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर जश्न, मेलोडी खिलाई; डांस किया, पोल पर चढ़े कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने यूपी सरकार को चेतावनी दी है। जंतर-मंतर पर प्रदर्शन खत्म होने के बाद शनिवार शाम पार्टी के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा- अगर उत्तर प्रदेश में पेपर लीक की घटनाएं नहीं रुकीं, तो वहां इससे भी बड़ा आंदोलन होगा। पढ़ें पूरी खबर…