यूपी में मानसून की एंट्री के लिए मौसम सिस्टम सक्रिय हो गया है। लखनऊ में सुबह से बादल छाए हुए हैं। वहीं मौसम विभाग ने आज यानी मंगलवार को प्रदेश के 51 जिलों में आंधी बारिश का अलर्ट जारी किया है। पिछले 24 घंटे की बात करें तो आगरा सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 42.9°C दर्ज किया गया। बांदा में 41.2°C, प्रयागराज में 41.0°C, कानपुर में 40.3°C और अलीगढ़ में 42.0°C तापमान रिकॉर्ड हुआ। मौसम विभाग (IMD) का कहना है कि 16 दिन से यूपी-बिहार बॉर्डर पर अटका मानसून 24 से 48 घंटे में यूपी में एंट्री कर सकता है। वहीं सोमवार को 15 शहरों में बारिश हुई। फिरोजाबाद में शाम करीब 7 बजे तेज आंधी आई। सड़क किनारे खड़े ई-रिक्शा पर नीम का पेड़ गिर गया। हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई। जबकि तीन घायल हो गए। इससे पहले तड़के लखनऊ, अयोध्या, गोंडा, गोरखपुर, बदायूं, महराजगंज, देवरिया, कुशीनगर और सिद्धार्थनगर समेत 15 जिलों में तेज बारिश हुई। मिर्जापुर में बारिश के बाद अंडरपास में करीब 3 फीट तक पानी भर गया, जिससे वाहन फंस गए। बस्ती और महराजगंज में बिजली गिरने से एक महिला और 9 साल के बच्चे की मौत हो गई। आज से बारिश का नया दौर शुरू होगा लखनऊ मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- प्रदेश में मानसून से पहले बढ़ी मौसमी हलचल से तापमान में गिरावट शुरू हो गई है। लू कुछ शहरों तक ही सिमट गई है। लू का यह दौर 24 घंटों में खत्म हो जाएगा। इसके बाद 30 जून से प्रदेश में बारिश का नया सिलसिला शुरू होगा। दक्षिण पश्चिम मानसून के तेजी से आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। इससे जुलाई के पहले हफ्ते तापमान में 5-7°C की गिरावट आएगी। यूपी में अगले 3 दिन कैसा रहेगा मौसम? जानिए- आपके शहर में मौसम कैसा है, मानसून कब तक आ सकता है? अपडेट के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…