यूपी दिनभर, 15 बड़ी खबरें:डिंपल बोलीं- बेटी पर बयानबाजी भाजपा ने कराई, स्नैक गर्ल को घोड़ा पछाड़ सांप ने काटा, गले में गोली मारकर युवक की हत्या

नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर राम मंदिर पर चढ़ावे में चोरी की जांच को लेकर है। वहीं, दूसरी खबर डिंपल की बेटी अदिति पर बयानबाजी से जुड़ी है। चलिए, सिलसिलेवार तरीके से पढ़ते हैं कि यूपी में दिनभर क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें… 1. राममंदिर चढ़ावे की जांच के लिए दिल्ली से IPS पहुंचे, कटियार बोले- सारे चोर जेल जाएंगे अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे से चोरी के मामले में जांच के लिए शनिवार को सरकार ने SIT बना दी, जो रविवार रात तक अयोध्या पहुंचेगी। वहीं, 3 दिन पहले ही केंद्र सरकार ने एक IPS अफसर को यहां भेज दिया था। उनकी देख-रेख में चढ़ावा चोरी मामले की गोपनीय जांच चल रही है। चढ़ावा चोरी में अब तक 5 लोगों के नाम सामने आ चुके हैं। पूरी खबर पढ़ें… 2. अखिलेश बोले- कैमरा बंद करके राम मंदिर का चढ़ावा वापस रख दीजिए, भगवान माफ कर देंगे अखिलेश यादव ने कहा- राम मंदिर के चढ़ावे में चोरी और साधुओं की जांच अधिकारी करेंगे। सनातन धर्म के लिए इससे बड़ा दुर्भाग्य और क्या होगा। अगर कोई बात हुई है तो कैमरा बंद करके आपस में बातचीत कर लो और चढ़ावा वापस डाल दो। प्रभु श्रीराम माफ कर देंगे। वहां कैमरे और लाइट बंद कर दो, प्रभु श्रीराम के सामने अपने आप कोई चढ़ावा रख जाएगा। पूरी खबर पढ़ें 3. डिंपल बोलीं- अदिति पर भाजपाइयों ने कमेंट करवाए, अब राम मंदिर मामले से ध्यान भटका रहे डिंपल यादव ने बेटी पर टिप्पणी मामले में पहली बार प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लखनऊ में कहा- अदिति के लिए जो बयानबाजी हुई है। भाजपाई कह रहे हैं कि वो उससे परेशान हैं। ये सारे लोग आप लोगों को बरगला रहे हैं। ये बयानबाजी भाजपा के लोगों ने ही कराई है। राम मंदिर चोरी के मुद्दे से ध्यान भटकाने के लिए यह मामला उछाला गया है। लेकिन हमें ध्यान नहीं भटकाना है। पूरी खबर पढ़ें 4. AIMIM चीफ ओवैसी लखनऊ पहुंचे, नारे लगे- देखो-देखो शेर आया, डिप्टी CM बोले- दाल नहीं गलेगी AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी बहराइच में रैली करने करीब डेढ़ साल बाद लखनऊ पहुंचे। एयरपोर्ट पर समर्थकों ने नारे लगाए- देखो-देखो कौन आया, शेर आया… शेर आया। 2027 विधानसभा चुनाव को देखते हुए औवेसी का दौरा अहम माना जा रहा। वह यूपी में 200 सीट पर लड़ने का ऐलान कर सकते हैं। डिप्टी सीएम ने कहा कि यूपी में ओवैसी की दाल नहीं गलेगी। पूरी खबर पढ़ें 5. नोएडा से लखनऊ फ्लाइट से आएंगे 170 किसान, योगी से मिलाएंगे जेवर के विधायक नोएडा से लखनऊ फ्लाइट से 170 किसान आएंगे। जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह इन किसानों को सीएम योगी से मिलवाएंगे। इन किसानों ने जेवर एयरपोर्ट के लिए अपनी जमीनें दी थीं। लखनऊ और नोएडा के बीच फ्लाइट की शुरुआत 15 जून, सोमवार से हो रही है। 1 जुलाई 2026 से इस रूट पर फ्लाइट नियमित हो जाएगी। दोनों शहरों के बीच 1 घंटे की दूरी रह जाएगी। पूरी खबर पढ़ें अब 8 अहम खबरें… 6. UP के 21 जिलों में आंधी-तूफान का अलर्ट, 20 जून तक आ सकता है मानसून यूपी में प्री-मानसून एक्टिव है। मौसम विभाग ने रविवार को 21 शहरों में आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की है। इस दौरान 60-70 किमी की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। 5 जिलों में बारिश का अलर्ट है।लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया- हरियाणा के आसपास पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव है। इसके चलते प्री-मानसून की बारिश हो रही। 20 जून तक मानसून आ सकता है। पूरी खबर पढ़ें 7. यूपी की स्नेक गर्ल को घोड़ा पछाड़ सांप ने डसा, उसे जंगल में छोड़कर बाइक से अस्पताल पहुंचीं लखीमपुर की फेमस सर्प मित्र नाजरून निशा को रैट स्नेक ने काट लिया। शनिवार को वह सांप को पकड़कर बैग में भर रही थी, तभी सांप ने उसके हाथ में काट लिया। स्नेक बाइट के बावजूद नाजरून ने सांप रेस्क्यू पूरा कर सांप को दुधवा के जंगलों में सुरक्षित छोड़ा। इसके बाद वह खुद बाइक चलाकर अस्पताल पहुंची। जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज किया। अभी वो ठीक हैं। पूरी खबर पढ़ें 8. लखनऊ में NSUI कार्यकर्ताओं और पुलिस में झड़प, युवक बेहोश, आरोप- सिर पर लाठी मारी लखनऊ में NSUI कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच रविवार को जोरदार झड़प हो गई। इस दौरान एक कार्यकर्ता बेहोश हो गया। उसे 4-5 साथी हॉस्पिटल ले गए। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस ने सिर पर लाठी मारी, जिससे उनका साथी बेहोश होकर गिर पड़ा। NSUI कार्यकर्ता पेपर लीक मुद्दे पर जनभवन का घेराव करने जा रहे थे। पूरी खबर पढ़ें 9. पत्नी को कैंसर, इसलिए हत्या करके सुसाइड किया, बेटी से कहा था- जेल गया तो कौन ध्यान रखेगा फिरोजाबाद में पूर्व कांग्रेस विधायक जगदीश यादव के बेटे ने 66 साल की पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। फिर खुद भी गोली मारकर जान दे दी। शनिवार रात हुई इस घटना के पीछे बड़ी वजह थी, पत्नी का कैंसर पीड़ित होना और ढाई लाख गबन का आरोप। जांच में सामने आया कि सुसाइड करने वाले ने बेटी से कहा था कि अगर जेल गया तो ध्यान कौन रखेगा। पूरी खबर पढ़ें 10. कानपुर से सपा विधायक ने सड़क बनवाने के लिए प्रदर्शन किया, गड्ढों पर फूल चढ़ाए कानपुर की छावनी विधानसभा क्षेत्र की खराब सड़क और लंबे समय से लंबित रेलवे ओवरब्रिज निर्माण का मुद्दा अब प्रधानमंत्री कार्यालय तक पहुंच गया है। मोहम्मद हसन रूमी ने पीएम मोदी को पत्र भेजकर सीओडी क्रॉसिंग से हरिहरनाथ धाम और श्याम नगर तक जर्जर सड़क के पुनर्निर्माण तथा सुजातगंज रेलवे पुल मार्ग के निर्माण कार्य को जल्द शुरू कराने की मांग की है। पूरी खबर पढ़ें 11. काशी की दालमंडी में हाथ जोड़ रोने लगी महिला, रिटायर्ड IPS का घर समेत 13 तोड़ा गया वाराणसी के दालमंडी में सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत रविवार को रिटायर्ड IPS अधिकारी समेत 13 लोगों के मकानों को ध्वस्त किया गया। इस दौरान जैसे ही पोकलैंड मशीन एक मकान के अगले हिस्से को तोड़ने लगी, तो एक महिला हाथ जोड़कर रोने लगी। महिला ने अधिकारियों से गुहार लगाते हुए कहा- हमें थोड़ा और समय दे दीजिए, हम घर खाली कर देंगे। पूरी खबर पढ़ें 12. उन्नाव में मदरसा पर चला बुलडोजर, प्रशासन ने प्ले ग्राउंड से अवैध कब्जा हटाया उन्नाव जिले के माखी थाना क्षेत्र के इंसुनिया गांव में रविवार को जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। यहां खेल के मैदान पर बने अवैध निर्माण को ध्वस्त करा दिया। भारी पुलिस बल और राजस्व विभाग की टीम की मौजूदगी में प्रशासन ने कोर्ट के आदेश पर कब्जा हटाने की कार्रवाई की। अफसरों के मुताबिक जमीन पर अवैध रूप से मदरसा संचालित होने की बात सामने आई थी। पूरी खबर पढ़ें 13. मुरादाबाद में युवक की गोली मारकर हत्या, घर की चौखट पर बैठे-बैठे दम तोड़ा मुरादाबाद में एक दलित युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सुबह जागने के बाद हर रोज की तरह युवक अपने घर के दरवाजे पर बैठा था। तभी गांव के ही रहने वाले दो युवकों ने उसे गोली मार दी। गोली युवक के गले में लगी और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हमलावरों ने करीब 4 राउंड फायर किए थे। इस दौरान एक अन्य युवक भी गोली लगने से घायल हो गया। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है… 14. दहेज में कार न मिलने पर पति ने रचाई दूसरी शादी, पहली पत्नी बोली- मैं कहा जाऊं आगरा में दहेज में कार नहीं मिलने पर पति ने दूसरी शादी कर ली। पहली पत्नी ने पति के खिलाफ FIR दर्ज कराई है। गाजीपुर थाना क्षेत्र के शाह गांव के मजरे हनुमान गढ़ गांव की रहने वाली रूचि ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी 29 अप्रैल 2025 को थरियांव थाना क्षेत्र के बहरामपुर गांव निवासी शुभम के साथ हुई थी। पूरी खबर पढ़ें कल कैसा रहेगा मौसम… 15. 31 जिलों में आंधी, बारिश और बिजली गिर सकती है मौसम विभाग ने 15 जून को सहारनपुर, झांसी, गोरखपुर समेत 31 जिलों में आंधी, बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 40-70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। कल शाम 7 बजे फिर होगी मुलाकात…