नेपाल में बाढ़ से तबाही मची है। इसका असर यूपी पर भी पड़ेगा। CM योगी ने नेपाल सीमा से सटे महराजगंज और कुशीनगर को हार्टअलर्ट किया है। बैराज से सभी 36 गेट खोल दिए जाने से गंडक नदी का जल स्तर तेजी से बढ़ रहा है। रात तक दोनों जिलों में बाढ़ आने का खतरा है। दोनों जिलों के DM और SP समेत अन्य अधिकारी फील्ड में उतर गए हैं। सायरन बजाकर गांव वालों को सचेत किया जा रहा है। पुलिसवाले भी लोगों को नदी किनारे न जाने और घर से कीमती चीजों को समेटने के लिए कह रहे हैं। महरागंज में सोहगीबरवा, शिकारपुर, भोथहा गांव में बाढ़ का खतरा है। तीनों गांव की आबादी करीब 15 हजार है। डीएम ने हेल्पलाइन 05523-222162, 9628819145, 9621333537 जारी की है। कुशीनगर में लगभग 50 हजार की आबादी प्रभावित हो सकती है। इधर, बहराइच में नेपाल की ओर से तेज बहाव में बहकर 5 जंगली हाथी घाघरा बैराज पहुंच गए। झुंड में 2 बच्चे भी थे। सूचना पर वन विभाग और सिंचाई विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पानी का बहाव कम करने के लिए बैराज के गेट बंद किए गए। टीम ने ग्रामीणों की मदद से सभी हाथियों को सुरक्षित बाहर निकाला और जंगल की ओर भेज दिया। यूपी में बुधवार सुबह से गाजियाबाद और झांसी समेत 35 शहरों में रुक-रुक कर बारिश हुई। कानपुर में देर रात साढ़े 12 बजे से दोपहर एक बजे तक तेज बारिश हुई। सड़कें-गलियां तालाब बन गईं। पानी घरों और दुकानों में घुस गया। VIP रोड पर 5 फीट गहरा गड्ढा हो गया। अपर श्रमायुक्त कार्यालय जलमग्न हो गया। लखनऊ में शाम 4 बजे से जोरदार बारिश हुई। तेज बारिश के चलते दिन में ही अंधेरा छा गया। कई इलाकों में विजिबिलिटी बेहद कम हो गई। महोबा के जिला अस्पताल में पानी भर गया। इमरजेंसी वार्ड की छत से पानी टपकने लगा। पिछले 2 दिनों में प्रदेश में बारिश की वजह से हुए हादसों में 13 लोगों की मौत हुई है। यूपी के 19 जिले बाढ़ की चपेट में हैं। बदायूं में गंगा और रामगंगा खतरे के निशान के पार चली गई हैं। एक मकान कटान की चपेट में आकर गंगा में समा गया। रामगंगा नदी बदायूं-शाहजहांपुर हाईवे के ऊपर से बह रही है। चंदौली में मूसाखांड और लतीफशाह बांध लबालब भर गए हैं। उनके गेट खोल दिए गए हैं। झांसी का सुकवा-ढुकवा बांध ओवरफ्लो हो गया है। लखीमपुर में शारदा नदी पर बने ‘तमोलिन पुरवा’ बांध का एक हिस्सा कट गया है। ललितपुर में खेड़ार नदी का पानी पुल के करीब 3 फीट ऊपर से बह रहा है। सिरसी पुल भी डूब गया है। वाराणसी में गंगा और प्रयागराज में यमुना का जलस्तर फिलहाल स्थिर है, लेकिन अभी भी सभी घाट डूबे हुए हैं। सड़कों और छतों पर अंतिम संस्कार करवाया जा रहा है। पिछले 24 घंटे में यूपी में सबसे ज्यादा 110.2 मिमी बारिश महोबा में रिकॉर्ड की गई। इसके बाद बांदा में 97.7 मिमी, हमीरपुर में 87.3 मिमी और जालौन में 78.8 मिमी बारिश हुई। गुरुवार को प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट है। इनमें 31 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है। बारिश और बाढ़ की तस्वीरें… लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- बंगाल की खाड़ी के पास बने कम दबाव के क्षेत्र और यूपी के ऊपर सक्रिय मानसूनी हवाओं के असर से अगले 24 घंटे में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। 2-3 दिन बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। आज किन जिलों में बारिश हो सकती है, देखिए यूपी में मौसम के पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…