यूपी में 117 मौतें, राहत आयुक्त विदेश घूम रहे थे:योगी ने रिपोर्ट मांगी, तब पोल खुली; मुख्य सचिव से जवाब तलब

यूपी के राहत आयुक्त डॉ. ऋषिकेश भास्कर यशोद के विदेश दौरे पर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। 13 मई को प्रदेश में आंधी-तूफान से 117 लोगों की मौत के बीच राहत आयुक्त के विदेश चले जाने पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने सख्त नाराजगी जताई है। सीएम योगी ने राहत आयुक्त को विदेश यात्रा की अनुमति देने पर मुख्य सचिव एसपी गोयल से जवाब तलब कर लिया है। बताया जा रहा है कि यह पहला मौका है, जब किसी अफसर की छुट्टी मंजूर करने पर सीएम ने सीधे मुख्य सचिव से सवाल पूछा है। पीएम नरेंद्र मोदी ने 10 मई को मंत्री-अफसरों और देशवासियों से अपील की थी कि वे कम से कम एक साल तक विदेश यात्रा न करें। इसके बाद योगी ने भी मंत्री-अफसरों के साथ अलग-अलग मीटिंग कर पीएम मोदी की बात दोहराई थी। राहत आयुक्त 9 दिन विदेश में रहे
राहत आयुक्त डॉ. ऋषिकेश भास्कर यशोद ने 14 मई को आधे दिन ड्यूटी की। इसके बाद वे 15 से 23 मई तक (कुल 9 दिन) के लिए विदेश यात्रा पर चले गए। 13 मई को ही प्रदेश के कई इलाकों में भीषण आंधी-तूफान आया। इस आपदा में 117 लोगों की जान चली गई थी और कई जिलों में जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया था। 13 माई को आए आंधी-तूफान की तस्वीरें देखिए… सीएम ने जब मांगी रिपोर्ट, तो पता चला ‘राहत आयुक्त’ नहीं हैं
सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आंधी-तूफान से प्रभावित लोगों को राहत सामग्री बांटने, मृतकों के परिवारों को मुआवजा राशि के वितरण और अन्य राहत कार्यों की समीक्षा के लिए राहत आयुक्त से रिपोर्ट मांगी। जब रिपोर्ट नहीं मिली, तो अधिकारियों ने बताया कि डॉ. ऋषिकेश तो 9 दिन की छुट्टी पर विदेश में हैं। सीएम ने जब इसकी जांच कराई, तो सामने आया कि उन्हें मुख्य सचिव एसपी गोयल ने ही विदेश जाने की हरी झंडी दी थी। इस पर सीएम ने मुख्य सचिव से नाराजगी जताई। सोर्स के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव से कहा कि एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिना किसी ठोस वजह के अधिकारियों से विदेश यात्रा नहीं करने की अपील की है, दूसरी तरफ प्रदेश में भारी आंधी-तूफान से इतनी बड़ी जनहानि हुई है। ऐसे संवेदनशील समय में राहत आयुक्त को विदेश जाने की मंजूरी क्यों और कैसे दी गई? मुख्य सचिव की दलील- पीएम की अपील से पहले मंजूर हुई थी छुट्टी
मामले में घिरे मुख्य सचिव एसपी गोयल ने सीएम के सामने अपना पक्ष रखा है। सूत्रों का कहना है कि मुख्य सचिव की ओर से तर्क दिया गया कि डॉ. ऋषिकेश भास्कर यशोद को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इस अपील से काफी पहले ही विदेश जाने की अनुमति दी जा चुकी थी, इसलिए उन्हें रोका नहीं गया। राहत आयुक्त, कहा- जहां से पता चला, वहीं पूछिए इस पूरे मामले पर राहत आयुक्त डॉ. ऋषिकेश भास्कर यशोद कहते हैं- मैं कहां गया था यह मैं आपको नहीं बताऊंगा, यह मेरे से संबंधित नहीं है। जहां से आपको जानकारी मिली है, वहीं से पता कीजिए। ……………………. ये खबर भी पढें- यूपी में निर्माणाधीन पुल का स्लैब गिरा, 6 की मौत:अफसर बोले- आंधी-बारिश के चलते हादसा, 3 मजदूरों को बचाया गया यूपी के हमीरपुर में बेतवा नदी पर बन रहे निर्माणाधीन पुल का स्लैब शुक्रवार देर रात 2 बजे गिर गया। हादसे में 6 मजदूरों की मौत हो गई। स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (SDRF) ने मलबे में फंसे 3 मजदूरों को निकाला। साढ़े 7 घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चला। पूरी खबर पढ़ें…