यूपी में आंधी-तूफान और तेज बारिश से हालात बिगड़ गए हैं। आगरा में शुक्रवार शाम मौसम ने करवट ली। 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चली। आंधी के बाद मूसलाधार बारिश हुई। आधे घंटे की बारिश से शहर के कई इलाकों में सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया। हाथरस, झांसी और ललितपुर में भी शाम को बारिश हुई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। बारिश और आंधी के चलते कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई। शुक्रवार तड़के सहारनपुर में भारी बारिश के बाद पहाड़ी से तेज बहाव के साथ पानी नीचे आ गया। इससे इनोवा-ट्रैक्टर समेत 10 गाड़ियां बह गईं। बाइक मलबे में दब गईं। 2 पर्यटकों की मौत हो गई। मौके पर राहत और बचाव कार्य चलाया गया। इस बीच, संतकबीरनगर में आसमान में दुर्लभ नजारा देखने को मिला। सुबह करीब 11.30 बजे सूर्य के चारों ओर एक बड़ा गोलाकार घेरा दिखाई दिया। लाल-नीले रंग की रिंग देखकर लोग हैरान रह गए। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह रिंग हमेशा आंधी या तूफान से पहले या बाद में दिखाई देती है। यह बारिश होने का संकेत भी है। इससे पहले, लखनऊ-वाराणसी, प्रयागराज समेत 25 जिलों में आंधी-तूफान के साथ बारिश हुई। कई जगह हवा की रफ्तार 100 किमी. पहुंच गई। सहारनपुर में ओले गिरे। वाराणसी में इतनी बारिश हुई कि BHU ट्रामा सेंटर के बाहर पानी भर गया। दर्जनों पेड़ और पोल उखड़ गए। झांसी में 5 क्विंटल वजनी यूनिपोल उखड़ गया। रेलवे ट्रैक पर तार टूटकर गिरने से ट्रेनें घंटों लेट हो गईं। प्रदेश में आंधी-तूफान की वजह से 22 लोगों की मौत हो गई है। हमीरपुर में निर्माणाधीन पुल का स्लैब गिर गया। 6 मजदूरों की मौत हो गई। कौशांबी में कच्चे मकान पर पेड़ गिरने से मां-बेटा-बेटी समेत 4 लोगों की मौत हो गई। सहारनपुर, जालौन और देवरिया में 2-2, प्रतापगढ़, महाराजगंज, अंबेडकरनगर, फतेहपुर, बलिया और रायपुर में एक-एक की जान चली गई। बारिश-आंधी से हुए नुकसान पर CM योगी ने संज्ञान लिया है। अधिकारियों को फील्ड में उतरने को कहा है। मौसम विभाग ने प्रदेश के सभी 75 जिलों में तूफान की चेतावनी जारी की है। 12 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है। लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से आ रही नम हवाओं से यूपी में मौसम बदल गया है। 28 मई से नया पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय है। इस वजह से आंधी-बारिश हो रही है। पश्चिमी यूपी और तराई क्षेत्रों में तूफान का खतरा सबसे ज्यादा है। हवा की रफ्तार 100 किमी/घंटे तक पहुंच सकती है। 1 जून तक यह सिलसिला जारी रहेगा। गर्मी से राहत मिलेगी। तापमान में 6°C तक की गिरावट आ सकती है। 4 तस्वीरें देखिए- यूपी के मौसम की पल-पल अपडेट के लिए नीचे लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…