यूपी में मानसूनी बारिश का सिलसिला जारी है। गुरुवार सुबह लखनऊ, सहारनपुर, मेरठ समेत 20 से अधिक शहरों में बारिश हुई। वाराणसी में कई सड़कों पर पानी भर गया। कौशांबी और प्रयागराज में लगातार बारिश के चलते 8वीं तक के स्कूल बंद कर दिए। बारिश के बीच हादसों का सिलसिला भी जारी है। बाराबंकी में मदरसे पढ़ने जा रहे 5 बच्चों पर जर्जर दीवार गिर गई। पांचों बच्चे मलबे में दब गए। हादसे में 7 वर्षीय भाई और 14 वर्षीय बहन की मौत हो गई, जबकि तीन बच्चों को ग्रामीणों ने मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया। प्रतापगढ़ में लगातार बारिश के बीच 100 साल पुराना मकान ढह गया। हादसे में एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई। देवरिया में उफनाए तालाब में डूबने से एक राजमिस्त्री की जान चली गई। लगातार बारिश से नदियां भी उफान पर हैं। फर्रुखाबाद में गंगा खतरे के निशान के करीब पहुंच गई। 33 गांवों और 40 सरकारी स्कूलों में बाढ़ का पानी घुस गया। हाईवे के ऊपर से पानी बह रहा है। डीएम अंकुर लाठर नाव से गांवों में पहुंचीं और हालात की जानकारी ली। बलिया में सरयू नदी में तीन मकान समा गए। पिछले एक सप्ताह में अब तक 27 घर नदी में समा चुके हैं। वाराणसी में गंगा उफान पर है। 40 से 50 छोटे मंदिरों में बाढ़ का पानी घुस गया, जबकि रत्नेश्वर महादेव मंदिर आधे से ज्यादा डूब चुका है। लखीमपुर खीरी में जलभराव के बीच सड़कों पर मगरमच्छ घूमता नजर आया। वहीं, एक घर में घुसे रसेल वाइपर सांप को वन विभाग की टीम ने पकड़कर जंगल में छोड़ दिया। मौसम विभाग ने शुक्रवार को प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें 18 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है। पिछले 24 घंटे में प्रदेश के सभी जिलों में बारिश हुई। सबसे अधिक 59.9 मिमी बारिश वाराणसी में हुई। इसके बाद इटावा में 56.5 मिमी, मिर्जापुर में 54.4 मिमी, फिरोजाबाद में 41.1 मिमी और मेरठ में 40.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। बाढ़-बारिश की तस्वीरें देखिए… लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- मानसूनी सिस्टम अब यूपी के ऊपर एक्टिव हो गया है। यह दिल्ली, लखनऊ और पटना से होकर गुजर रहा है। इस वजह से कई चक्रवात सक्रिय हो गए हैं। गंगा के मैदानी इलाकों में मानसूनी हवाएं पहुंच गईं हैं। इसके असर से अगले 4 से 5 दिनों तक पूरे प्रदेश में झमाझम बारिश होगी। आज कहां-कहां बारिश की संभावना, देखिए यूपी में मौसम के पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…