मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को अपने दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे। सीएम योगी आदित्यनाथ शाम पांच बजे के बाद हेलीकॉप्टर द्वारा पुलिस लाइन हेलीपैड पहुंचें। यहां से कार से सर्किट हाउस गए। नरेंद्र मोदी के संभावित दौरे को लेकर सर्किट हाउस में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। इस दौरान प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा- गंजारी में बन रहे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण जुलाई के पहले सप्ताह तक पूरा हो जाए। मणिकर्णिका घाट और दालमंडी सड़क चौड़ीकरण कार्य समय से पूरा करें इसके बाद शाम को उन्होंने कालभैरव मंदिर और काशी विश्वनाथ मंदिर में विधिवत दर्शन-पूजन किया। 3 तस्वीरें देखिए.. योगी ने दुकानदार की बच्ची को दुलाराया दर्शन के बाद जब सीएम कालभैरव मंदिर से बाहर निकल रहे थे, तभी उनकी नजर माला-फूल बेचने वाली एक दुकानदार की छोटी बच्ची पर पड़ी। मुख्यमंत्री ने उसे दुलारते हुए पुचकारा। यह देख उसकी बड़ी बहन भी उत्सुकतावश आगे आ गई। जिस पर सीएम ने उसे भी स्नेह दिया। सीएम ने बच्चियों से स्कूल जाने को लेकर बातचीत की और उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने की सलाह देते हुए आशीर्वाद दिया। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद बच्चियों के परिजनों से भी बातचीत कर उनका हालचाल जाना। महिला सम्मेलन को लेकर खास फोकस सीएम ने भ्रमण कार्यक्रम के तहत प्रस्तावित महिला सम्मेलन की तैयारियां समय से पूरी कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर महिलाओं के आवागमन, वाहनों की पार्किंग, पेयजल और अन्य सुविधाओं को व्यवस्थित रखने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने पूरे शहर की साफ-सफाई को प्राथमिकता देने को कहा। साथ ही स्ट्रीट डॉग और छुट्टा पशुओं को आश्रय स्थलों में रखने तथा स्ट्रीट वेंडरों के व्यवस्थित संचालन के निर्देश दिए। सीएम ने सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के साथ ही रूट डायवर्जन की बेहतर प्लानिंग करने को कहा, ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। बैठक में संभावित कार्यक्रम के दौरान होने वाले लोकार्पण और शिलान्यास की परियोजनाओं की जानकारी प्रस्तुति के जरिए दी गई। मुख्यमंत्री ने रोपवे परियोजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए काम में तेजी लाने को कहा। बैठक में सरकार के कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस ने सीएम के आने के पहले जारी किया रूट डायवर्जन वाराणसी पुलिस ने मुख्यमंत्री के आगमन के मद्देनजर शहर में रूट डायवर्जन जारी किया है। सीएम दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचेंगे। पहले दिन पुलिस लाइन से सर्किट हॉउस तक और फिर सर्किट हाउस से काश विश्वनाथ धाम और काल भैरव मंदिर तक डायवर्जन लागू किया गया है।