योगी बोले- वकीलों का मुफ्त इलाज कराएगी सरकार:गोरखपुर में अपील की- सोशल मीडिया पर देश के खिलाफ षडयंत्र होंगे, सावधान रहिए

यूपी सरकार वकीलों का कैशलेस इलाज कराएगी। मंगलवार को सीएम योगी ने खुद इस बात के संकेत दिए। सीएम ने वकीलों से कहा- बार एसोसिएशन के साथ आप सब लोग मिलकर प्रस्ताव बनाएं। हम कैशलेस और अन्य सुविधा देने को तैयार हैं। योगी दोपहर करीब 2 बजे गोरखपुर में सिविल कोर्ट बार एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह में पहुंचे थे। केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, यूपी में करीब 5 लाख रजिस्टर्ड वकील हैं। अगर सरकार इसे अमल में लाती है तो इन्हें कैशलेस इलाज की सुविधा मिल सकेगी। योगी की 4 बड़ी बातें…. हमने अधिवक्ता कल्याण निधि बढ़ाई: पहले अधिवक्ता कल्याण निधि में डेढ़ लाख मिलते थे। इसे हमने 5 लाख किया। हम लोगों ने इसके कार्पस फंड को 500 करोड़ का बना दिया है। इसके ब्याज से ही काम चलेगा। 4 हजार अधिवक्ताओं के परिवारजनों को 200 करोड़ की धनराशि उपलब्ध करा चुके हैं। पहले आर्थिक सहायता 60 साल तक ही मिलती थी, अब 70 साल का होने पर भी उसके परिवार को दिया जाता है। अधिवक्ताओं के के लिए अधिवक्ता भवन, चैंबर बनाने के लिए धनराशि उपलब्ध करवाई गई है। सोशल मीडिया से षडयंत्र होंगे: सोशल मीडिया के जरिए भारत के खिलाफ षडयंत्र होंगे। क्षेत्र, भाषा के जरिए विवाद पैदा करने का प्रयास होगा, जो भारत को कमजोर करेगा। कोई न्यायपालिका पर उंगली उठाएगा, कोई विधायिका पर उंगली उठाएगा और कोई कार्यपालिका पर उंगली उठाएगा। इसलिए अधिवक्ता समाज की जिम्मेदारी बढ़ेगी। यूपी के लोगों को शक की निगाह से देखते थे: आज यूपी के बारे में हर व्यक्ति अच्छा बोल रहा है। 2017 के पहले यूपी के लोगों को शक और संदेह की निगाह से देखते थे। लोग मिलने में 10 कदम की दूरी बनाते थे। आज देश में कहीं जाएंगे और यूपी का परिचय देंगे तो 10 कदम पास आकर गले लगना चाहेगा। यह परिवर्तन हुआ है। अब ब्रह्मोस मिसाइल बन रही: पहले कट्‌टा और बम बनते थे, वहां अब ब्रह्मोस मिसाइल बन रही है। जिस राज्य में पहले बेरोजगारी और पलायन एक चैलेंज था। देश में अब वह सबसे कम बेरोजगारी दर वाला राज्य है। इसके लिए नए स्रोतों को ढूंढा गया, वैसा इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया गया। सीएम योगी के कार्यक्रम से जुड़ी अपडेट के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…