लखनऊ में 40 घंटे से बारिश, 10 जिलों में कोहरा:कौशांबी में सड़क धंसी, पारा 8°C गिरा; अर्नब तूफान के असर से 23 जिलों में अलर्ट

यूपी में ‘अर्नब’ तूफान के असर से तीसरे दिन भी मौसम बदला हुआ है। शनिवार सुबह से लखनऊ, बाराबंकी, प्रयागराज, सीतापुर, उन्नाव और हरदोई समेत 10 शहरों में बारिश हो रही है। बारिश और ठंडी हवाओं से सर्दी का एहसास हो रहा है। लखनऊ में गुरुवार शाम को शुरू हुई बारिश शनिवार सुबह भी जारी है। 40 घंटे से लगातार रिमझिम बारिश से ठिठुरन हो रही है। सड़कों पर सन्नाटे जैसा माहौल है। पारा 7.6°C तक लुढ़क गया। 2015 के बाद शुक्रवार 5वां सबसे ठंडा दिन रहा। इधर, सहारनपुर, शामली, संभल, बिजनौर, मुजफ्फरनगर और देवरिया समेत 10 जिलों में घना कोहरा पड़ रहा है। कई जगह विजिबिलिटी 50 मीटर तक सिमट गई है। सड़कों पर कुछ भी देखना मुश्किल हो गया है। वाराणसी में बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. रवि शंकर सिंह ने बताया कि पूर्वी यूपी के 23 जिलों में आज बारिश का अलर्ट है। कल से मौसम सुधरने लगेगा। तेज धूप खिलेगी। बेमौसम बारिश से फसलों को नुकसान हो सकता है। किसान सतर्क रहें।