राजनाथ सिंह ने खटीक समाज को चांदी का मुकुट लौटाया:आगरा में बोले- किसी गरीब बेटी को पायल बनवाकर दे देना

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को आगरा में कहा- कुछ लोग अपने राजनैतिक हित साधने के लिए लोगों को भड़काने की कोशिश करते हैं। कभी जाति के नाम पर, कभी धर्म के नाम पर। हमारे समाज में दरार पैदा करने की कोशिश करते हैं। लेकिन, हमें यह संकल्प लेना है कि हम किसी के बहकावे में नहीं आएंगे। समाज को बंटने नहीं देंगे। समाज में प्रेम हो, सहयोग हो, एक-दूसरे के सुख-दुख में साथ खड़े होने की भावना हो, इसके लिए हम सभी मिलकर प्रयास करेंगे। याद रखिए टूटने से बिखरेंगे, जुड़ने से निखरेंगे। सम्मेलन में राजनाथ सिंह को खटीक समाज ने चांदी का मुकुट पहनाया। लेकिन, उन्होंने मुकुट लौटा दिया। कहा- मैं सब कुछ स्वीकार कर लेता हूं, लेकिन चांदी का यह मुकुट आपके हवाले करता हूं। किसी गरीब मां-बाप की बेटी शादी के बाद विदा हो रही हो और उसके पैरों में चांदी की पायल न हो, तो इस मुकुट को तुड़वाकर उसके लिए पायल बनवा दीजिएगा। राजनाथ सिंह दोपहर 1:30 बजे खेरिया एयरपोर्ट पर वह विशेष विमान से पहुंचे थे। यहां केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल, यूपी सरकार की मंत्री बेबी रानी मौर्य और अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। रक्षा मंत्री की 5 बड़ी बातें जानिए…. सबका लक्ष्य एक—धर्म और राष्ट्र की रक्षा हिंदू धर्म को केवल जाति के चश्मे से देखने वाले लोग उसके मूल भाव को नहीं समझ पाते हैं। हमारी व्यवस्था कर्म-आधारित है। इसमें एक ही व्यक्ति के कई कर्तव्य हो सकते हैं और कई लोगों का एक ही कर्तव्य भी हो सकता है। लेकिन सबका लक्ष्य एक ही है—धर्म और राष्ट्र की रक्षा करना। खटीक समाज की तारीफ 1946 में जब डायरेक्ट एक्शन डे की घोषणा की गई और बंगाल में हिंदुओं को निशाना बनाया जाने लगा, तब गोपाल पाठा के नेतृत्व में खटीक समाज के कई लोगों ने मोर्चा संभाला था। उन्होंने हिंदुओं की रक्षा करने का काम किया था। खटीक वो, जो खौफ को भी डरा दे समय चाहे कोई भी रहा हो, चुनौती कैसी भी रही हो और शत्रु कितना भी शक्तिशाली रहा हो, खटीक समाज ने धर्म और देश के स्वाभिमान की रक्षा से कभी पीछे हटना स्वीकार नहीं किया। ऐसा भी कहा जा सकता है कि खटीक वो है, जो खौफ को भी डरा दे। खटीक वो है, जो खतरे में सबसे आगे खड़ा रहे। खटीक वो है, जो खुद कठिनाई सहकर भी दूसरों की रक्षा करे। यूपी तेजी से विकास कर रहा आज उत्तर प्रदेश भी डबल इंजन की सरकार के साथ तेजी से विकास के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है। आप याद कीजिए, एक समय था जब उत्तर प्रदेश में माफिया राज चलता था। ऊबड़-खाबड़ सड़कें होती थीं। असुरक्षा का माहौल था। लोग भय में जी रहे थे और आए दिन दंगे होते थे। अपराधियों के लिए सुर्खियों में रहता था यूपी उत्तर प्रदेश आज विकास के लिए जाना जा रहा है। विश्वस्तरीय इन्फ्रास्ट्रक्चर के लिए जाना जा रहा है। जो प्रदेश कभी अपराधियों के लिए सुर्खियों में रहता था, आज औद्योगिक कॉरिडोर बना रहा है। मेट्रो रेल का नेटवर्क फैला रहा है। अब तो आगरा मेट्रो के विस्तार का काम भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। 4 तस्वीरें देखिए… अखिल भारतीय खटीक समाज ने मंडल स्तरीय खटीक गर्जना सम्मेलन आयोजित किया था। इसमें करीब 1500 लोग पहुंचे थे। सम्मेलन में राजनीतिक भागेदारी, सामाजिक एकजुटता और आगामी चुनावों को लेकर खटीक समाज की भूमिका पर मंथन हुआ। आगरा मंडल के फिरोजाबाद, शिकोहाबाद, टूंडला और आगरा जिले की विधानसभा सीटों पर खटीक समाज का अच्छा-खासा प्रभाव है। यहां एक लाख से 2.5 लाख तक मतदाता हैं। कार्यक्रम की पल-पल की अपडेट के लिए ब्लॉग से गुजर जाइए…