राम मंदिर CEO के लिए दूसरे दिन भी इंटरव्यू जारी:6 लोगों को बुलाया, सवाल पूछ रहे- शिखा रखते हैं, जनेऊ पहनते हैं

अयोध्या राम मंदिर के चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (CEO) पद के लिए लगातार दूसरे इंटरव्यू जारी हैं। आज इसके लिए 6 लोगों को बुलाया गया है। राम मंदिर परिसर के ग्रीन हाउस में बुधवार सुबह 11:30 बजे शुरू हुए इंटरव्यू 3 बजे तक चलेंगे। सूत्रों के मुताबिक, हर कैंडिडेट का इंटरव्यू 40 से 50 मिनट तक चल रहा है। उनसे प्रशासनिक अनुभव, जिम्मेदारियों, धार्मिक क्षेत्र में काम और भगवान राम के प्रति आस्था से जुड़े सवाल पूछे जा रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, क्या आप शिखा रखते हैं, जनेऊ पहनते हैं, शुद्ध शाकाहारी हैं या मांसाहारी, शराब पीते हैं या नहीं और कट्टर हिंदू हैं या सामान्य आस्थावान? जैसे सवाल पूछे जा रहे हैं। यह भी पूछा गया कि वे हिंदू धार्मिक परंपराओं के मुताबिक पहनावा रखने में सहज हैं या नहीं। चार दिन तक चलने वाले इंटरव्यू में 18 कैंडिडेट शामिल होंगे। इनमें से 3 नाम शॉर्टलिस्ट किए जाएंगे। फिर इन तीनों का श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट इंटरव्यू लेगा और आखिर में एक नाम फाइनल करेगा। CEO पद के लिए 5,300 से ज्यादा लोगों ने आवेदन किया था। इनमें से 18 लोगों को इंटरव्यू के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया। रिटायर्ड जस्टिस प्रमोद कोहली, पूर्व वैज्ञानिक डॉ. सुरेश हावड़े और रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल विष्णुकांत चतुर्वेदी इंटरव्यू ले रहे हैं। पहले दिन 8 लोगों ने इंटरव्यू दिए थे पहले दिन मंगलवार को 8 पूर्व अफसरों ने इंटरव्यू दिए थे। इनमें 3 पूर्व IAS, एक IPS और 4 पूर्व सैन्य अफसर शामिल हैं। यूपी पुलिस के एनकाउंटर स्पेशलिस्ट रहे पूर्व IPS राजेश पांडेय और जौनपुर के पूर्व डीएम दिनेश चंद्र ने भी इंटरव्यू दिया। इंटरव्यू सुबह साढ़े 11 बजे से 2 बजे तक चला था। 5,300 लोगों ने किया आवेदन, 34 सवालों से हुई स्क्रूटनी राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला सामने आने के बाद ट्रस्ट ने CEO पद के लिए 13 से 18 जुलाई तक आवेदन मांगे थे। आवेदकों से ऑनलाइन गूगल फॉर्म के जरिए 34 सवालों के जवाब मांगे गए थे। इन्हीं के आधार पर टीम ने 5,300 आवेदनों की स्क्रूटनी की। इनमें से 18 कैंडिडेट पद के योग्य पाए गए। इसके बाद इन्हें इंटरव्यू के लिए बुलाया गया। आवेदकों के लिए ये प्रमुख शर्तें रखी गईं आवेदकों से पूछा- क्या पहले किसी मठ या मंदिर से जुड़े रहे? गूगल फार्म में आवेदकों से नाम, जन्मतिथि, उम्र, पता, शहर, राज्य, पिन कोड, मोबाइल नंबर और ई-मेल जैसी व्यक्तिगत जानकारी मांगी गई थी। हिंदी और अंग्रेजी भाषा की समझ से जुड़े सवाल भी थे। आवेदक की शैक्षणिक योग्यता, वर्तमान नौकरी या रिटायरमेंट और पिछली संस्था की जानकारी भी मांगी गई थी। वह कितने कर्मचारियों का नेतृत्व कर चुका है, यह भी पूछा गया। इसके लिए 1,000 से 5,000 और इससे ज्यादा कर्मचारियों के विकल्प दिए गए थे। आवेदक से यह भी पूछा गया कि क्या वह पहले किसी सामाजिक या धार्मिक संगठन, मठ या मंदिर से जुड़ा रहा है? अगर हां, तो कितने साल तक जुड़ा रहा, इसकी जानकारी भी मांगी गई। इसके अलावा राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के लिए उसका विजन, कार्ययोजना और सुझाव भी मांगा गया था। —————————— ये खबर भी पढ़ें- एनकाउंटर स्पेशलिस्ट पूर्व IPS राममंदिर CEO का इंटरव्यू देने पहुंचे:पूर्व अयोध्या डीएम, आर्मी अफसर भी रेस में; 3 नाम सेलेक्ट होंगे
अयोध्या राम मंदिर के चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (CEO) के लिए मंगलवार को 8 पूर्व अफसरों ने इंटरव्यू दिए। इनमें 3 पूर्व IAS, एक IPS और 4 पूर्व सैन्य अफसर शामिल हैं। यूपी पुलिस के एनकाउंटर स्पेशलिस्ट रहे पूर्व IPS राजेश पांडेय और जौनपुर के पूर्व डीएम दिनेश चंद्र ने भी इंटरव्यू दिया। पढ़ें पूरी खबर….