लखनऊ में दिनदहाड़े एक परिवार के 3 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इनमें पिता-बेटा और छोटे भाई शामिल हैं। वारदात सआदतगंज थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह 10:35 बजे हुई। नौबस्ता के ब्राह्मण टोला में रहने वाले शिवाजी तिवारी (62) सचिवालय के रिटायर्ड कर्मचारी थे। वह संघ के जिला सर कार्यवाह भी रह चुके हैं। उनके भाई शिवेंद्र तिवारी उर्फ शंभु लखनऊ यूनिवर्सिटी में काम करते थे। शिवाजी के बेटे सुयश (30) का बिजली के सामान का कारोबार था। 5 दिसंबर को उसकी शादी होनी थी। शिवाजी का घर के सामने लगे बरगद के पेड़ के नीचे चबूतरा बनाने को लेकर पड़ोसी ऋषभ शुक्ला से झगड़ा चल रहा था। सोमवार को शिवाजी तिवारी के बेटे सुयश (30) ने उसी चबूतरे के पास अपनी कार खड़ी कर दी। थोड़ी देर बाद जब शंभु बाहर निकले, तो ऋषभ उनसे झगड़ा करने लगा। शोर सुनकर शिवाजी भी बाहर निकल आए। इसी बीच ऋषभ ने दोनों को गोली मार दी। आवाज सुनकर सुयश घर से बाहर आया, तो ऋषभ ने उसे भी गोली मार दी। ऋषभ (30) मर्चेंट नेवी में नेविगेशन अफसर था। उसे नौकरी से निकाल दिया गया था। मौके पर 50-60 पुलिसकर्मी तैनात हैं। पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा ने बताया- आरोपी को पुलिस ने पिस्टल के साथ हिरासत में लिया है। पार्किंग को लेकर झगड़ा था।