यूपी में मानसूनी बारिश ने फिर से जोर पकड़ लिया है। लखनऊ में तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश हो रही है। बिजली भी कड़क रही है। मौसम विभाग ने आज 20 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इधर, पहाड़ी इलाकों में हो रही बारिश से यूपी की नदियों का जलस्तर बढ़ने लगा है। मथुरा में यमुना नदी उफान पर है। पानी चेतावनी के निशान से 1.30 मीटर नीचे बह रहा है। वृंदावन के केशीघाट की सीढ़ियां डूब गई हैं। बरेली में रामगंगा और बिजनौर में मलान नदी खतरे के निशान के करीब हैं। प्रयागराज में गंगा और यमुना का पानी घाटों पर बनी दुकानों तक पहुंच गया है। कानपुर और वाराणसी में गंगा का जलस्तर बढ़ने लगा है। पानी आनंदेश्वर मंदिर घाट की सीढ़ियों तक पहुंच गया है। बलिया में सरयू और घाघरा नदी के किनारों पर कटान शुरू हो गया है। बांसडीह में 150 परिवार घर छोड़कर दूसरी जगह शिफ्ट हो गए हैं। मंगलवार की बात करें तो 40 शहरों में बारिश हुई। अयोध्या में इतनी बारिश हुई कि राम मंदिर जाने वाले भक्ति पथ पर एक फीट तक पानी भर गया। 80% हिस्से से बारिश वाले बादल गायब मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, पाकिस्तान से आ रही सूखी हवाओं के चलते प्रदेश के करीब 80% हिस्से से बारिश वाले बारिश वाले बादल गायब हो गए हैं। इस वजह से आधे से ज्यादा प्रदेश में बारिश नहीं हो रही है। लखनऊ के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- अगले 3-4 दिनों तक बारिश में ठहराव बना रहेगा। हालांकि, कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 17 जुलाई के बाद हवाओं का रुख फिर पुरवा होने की संभावना है, जिससे दोबारा मानसूनी गतिविधियां बढ़ने की उम्मीद हैं।