लखनऊ में 50 से ज्यादा झोपड़ियां जलीं, 30 सिलेंडर फटे:युवक बोला- मेरे 4 बच्चे जिंदा जल गए; डिप्टी सीएम मौके पर पहुंचे

लखनऊ में बुधवार शाम साढ़े 5 बजे भीषण आग लग गई। आग विकास नगर इलाके में लगी। इसमें 50 से ज्यादा झुग्गी-झोपड़ियां जलकर राख हो गई हैं। 30 से ज्यादा सिलेंडरों में ब्लास्ट हुआ। करीब 10 किलोमीटर दूर से आग की लपटें दिख रही हैं। आग लगने के बाद आसपास के करीब 20 मकानों को खाली करा लिया गया है। आग की सूचना मिलते ही झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले लोग मौके पर पहुंचे हैं। एक युवक का कहना है कि उसके 4 बच्चों की जलकर मौत हो गई है। वहीं, बाकी लोगों का सारा सामान जलकर राख हो गया है। चारों तरफ अफरा-तफरी का माहौल है। जिनकी झोपड़ियां जली हैं, वो लोग रो रहे हैं। बार-बार अपनी झोपड़ी में जाने की जिद कर रहे हैं। इलाके की लाइट काट दी गई है। फायर ब्रिगेड की 10 गाड़ियां आग पर काबू पाने में जुटी हैं। सीएम योगी ने आग की घटना का संज्ञान लेते हुए अफसरों को तुरंत मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं। कहा है कि राहत कार्य में तेजी लाई जाए। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक भी मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से तेजी से बचाव कार्य करने के आदेश दिए। वहीं, लखनऊ पूर्व विधानसभा के विधायक ओपी श्रीवास्तव भी पहुंच गए हैं। तस्वीरें देखिए… आग के बारे में जानने के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए