लखनऊ में 28 साल के कारोबारी शिवा शर्मा की हत्या में वॉन्टेड मॉडल श्रद्धा दुबे 5 दिन बाद भी पुलिस की गिरफ्त से दूर है। इस बीच शिवा और श्रद्धा की चैट सामने आई है। इसमें श्रद्धा ने शिवा से कहा था कि तुम्हारे साथ बुरा ही होगा। इधर, पुलिस ने श्रद्धा की तलाश तेज कर दी है। उसकी लोकेशन नेपाल में मिली है। पुलिस की एक टीम वहां रवाना कर दी गई है। अब तक जांच में पता चला है कि श्रद्धा 16 अक्टूबर से शुरू होने वाले लखनऊ के सबसे बड़े डांडिया फेस्ट में VVIP गेस्ट बनाई गई थी। जांच के दौरान ये भी पता चला कि श्रद्धा अपना ब्लैकमेलिंग का टारगेट पूरा करने के बाद मोबाइल नंबर बदल लेती थी। अब तक चार नंबर बदल चुकी थी। वहीं, शिवा के परिवार का आरोप है कि रसूख के चलते आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। शिवा की मां रंजना ने कहा कि सबसे पहले आरोपियों की गिरफ्तारी होनी चाहिए। इसके बिना उन्हें कुछ भी मंजूर नहीं है। हम पुलिस के लगातार संपर्क में हैं। जांच में सहयोग कर रहे हैं। इससे पहले, मंगलवार को श्रद्धा दुबे, बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर तनवीर अली उर्फ दानिश पर 25-25 हजार का इनाम रखा गया था। 3 तस्वीरें देखिए… स्नैपचैट पर श्रद्धा ने शिवा से कहा- ‘दिल से बद्दुआ’; हू-ब-हू पढ़िए श्रद्धा: सीरियसली, दिल से बद्दुआ है तुम्हारे लिए। जैसे तुमने मेरा इस्तेमाल करके अपना व्यवहार बदल दिया न… वैसे ही तुम्हारे साथ कुछ ऐसा हो कि किसी का इस्तेमाल करने लायक न रह जाओ। पहले तो कॉल कर-करके पीछे पड़े रहते थे। अब क्या हो गया, कैंसर हो गया क्या तुम्हें या कि मरने वाले हो? शिवा: यार, कोई व्यवहार चेंज नहीं हुआ है और न तो प्यार कम हुआ है। श्रद्धा: देखना शिवा, जितना मैं इरिटेट (चिड़चिड़ी) हो रही हूं न… शिवा: बस कुछ मेरे साथ प्रॉब्लम चल रही है। श्रद्धा: सच में कुछ बुरा ही होगा तुम्हारे साथ। शिवा : बस कुछ मेरे साथ प्रॉब्लम चल रही है। श्रद्धा: क्या प्रॉब्लम चल रही है? (यहीं ये चैट खत्म हो जाती है।) विधायक ने श्रद्धा को बताया था भतीजी सूत्रों के मुताबिक, जनवरी 2026 में लखनऊ के हजरतगंज थाने में श्रद्धा ने अपने ड्राइवर इमरान के खिलाफ छेड़खानी का आरोप लगाया था। मामले में पुलिस ने छेड़खानी सहित अन्य धाराओं में मुकदमा भी दर्ज किया था। इस दौरान प्रयागराज जिले के एक विधायक श्रद्धा को अपनी भतीजी बताकर उसकी पैरवी की थी। लड़की के धमकाने का ऑडियो सामने आया शिवा और श्रद्धा का एक ऑडियो भी सामने आया है। हालांकि, दैनिक भास्कर इसकी पुष्टि नहीं करता। इसमें लड़की लड़के को दोस्तों के साथ होने पर आपत्ति जताती है। कहती है कि तुम्हें आवारगी करनी है, लेकिन पैसे नहीं कमाने हैं। मैं, सबको मना कर देती हूं। इस दौरान लड़की चोरी का आरोप लगाती है। लड़का कहता है कि चोरी का इल्जाम तो न ही लगाओ। पार्टी करने की बात कहते हुए लड़की लड़के को धमकाते हुए कहती है कि तुम मुझे ट्रिगर कर रहे हो। तुम्हारा पूरा नाम लिखकर संजय सर को भेजूंगी। इसके बाद ऑडियो खत्म हो जाता है। दावा किया जा रहा है कि लड़की की आवाज श्रद्धा की है और लड़के की आवाज शिवा की है। अब पढिए पूरा मामला क्या है… 9 अक्टूबर को लखनऊ के हजरतगंज स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरकर शिवा शर्मा की मौत हो गई थी। शिवा पिछले 4 महीने से श्रद्धा के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। घटना के बाद उसकी बॉडी पर सिर्फ अंडरवियर था। चेहरे पर लिपस्टिक लगी हुई थी। शरीर पर कई जगह सिगरेट से जलाने के निशान भी मिले थे। शिवा की मां रंजना शर्मा ने उसकी मौत के मामले में श्रद्धा, उसकी बहन रश्मि, ड्राइवर आदिल समेत 5 लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि श्रद्धा ने ही शिवा को चौथी मंजिल से धक्का दिया था। मामले में हजरतगंज थाना प्रभारी विक्रम सिंह ने कहा- पुलिस टीमें लगाई गई हैं। जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी। ————————————— इससे संबंधित ये खबर भी पढ़ें… मॉडल श्रद्धा दुबे, बहन और ड्राइवर पर 25-25 हजार इनाम:कारोबारी शिवा हत्याकांड में लखनऊ से फरार हैं तीनों, नेपाल भागने की आशंका लखनऊ में कारोबारी शिवा हत्याकांड के बाद से फरार मॉडल श्रद्धा दुबे पर पुलिस ने 3 दिन बाद इनाम घोषित कर दिया है। श्रद्धा के साथ उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर तनवीर अली उर्फ दानिश पर भी 25-25 हजार का इनाम रखा गया है। तीनों के नेपाल भागने की आशंका है। पुलिस इनके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। पढ़िए पूरी खबर…