श्रद्धा का आज बर्थडे, शिवा की मां अस्थि विसर्जन करेंगी:नागपुर से कार से लखनऊ लेकर आएगी पुलिस; नेपाल ले जाने वाला आमिर भी गिरफ्तार

लखनऊ के करोड़पति कारोबारी शिवा शर्मा के हत्या की आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे का आज जन्मदिन है। शिवा की मां रंजना शर्मा हरिद्वार में आज ही बेटे का अस्थि विसर्जन करने पहुंची हैं। वह श्रद्धा की गिरफ्तारी के बाद ही हरिद्वार के लिए रवाना हो गई थीं। यूपी STF को नागपुर जिला कोर्ट से श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर दानिश की 72 घंटे की ट्रांजिट रिमांड मिल गई है। STF कुछ देर में तीनों आरोपियों को लेकर नागपुर से लखनऊ के लिए रवाना होगी। पहले श्रद्धा दुबे को फ्लाइट से लाने की तैयारी थी, लेकिन लखनऊ के लिए सीधे फ्लाइट नहीं थी। इसलिए प्लान में बदलाव किया गया। लखनऊ से नागपुर की दूरी 850 किमी है, ऐसे में पहुंचने में 15-18 घंटे लगेंगे। श्रद्धा को गुरुवार को लखनऊ कोर्ट में पेश किया जाएगा। इधर, गिरफ्तारी के बाद उसके 2 और ऑडियो सामने आए, जिसमें वह शिवा को गालियों के साथ धमकी दे रही है। मंगलवार को नागपुर के एक अपार्टमेंट से श्रद्धा दुबे, रश्मि दुबे और दानिश को गिरफ्तार किया गया था। उधर, यूपी एसटीएफ ने श्रद्धा के ड्राइवर आमिर को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है आमिर शिवा की मौत के समय श्रद्धा के साथ था। लखनऊ में 9 अक्टूबर को शिवा शर्मा की श्रद्धा दुबे के फ्लैट से गिरकर संदिग्ध मौत हो गई थी। शिवा की मां ने श्रद्धा दुबे के खिलाफ हत्या की एफआईआर कराई थी। वारदात के बाद से श्रद्धा फरार थी।