सपा-आरएलडी में सोशल मीडिया पर छिड़ी जंग:बिना नाम लिए अखिलेश ने जयंत को दिया जवाब, सपा मीडिया सेल ने भी किया जयंत पर हमला

समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय लोक दल के बीच पश्चिमी उत्तर प्रदेश की सियासत को लेकर छिड़ी जुबानी जंग अब सोशल मीडिया पर भी चरम पर पहुंच गई है। अखिलेश यादव के चवन्नी को रुपया बना दिया फिर भी छोड़कर चले गए वाले तंज के बाद आरएलडी प्रमुख जयंत चौधरी ने आज सहारनपुर के रामपुर मनिहारान में आरएलडी की स्वाभिमान रैली के दौरान दोनों पक्षों के एक्स अकाउंट्स पर तीखे पोस्ट्स ने माहौल गरमा दिया। आरएलडी के आधिकारिक अकाउंट ने रैली की तस्वीरें और वीडियो शेयर करते हुए लिखा, ABCD के बाद आता है G फॉर गन्ना। रैली में जयंत चौधरी के संबोधन के क्लिप्स भी पोस्ट किए गए, जिनमें कार्यकर्ताओं से कहा गया कि विरोधियों की गालियां सुन लो, सही समय पर निपट लेंगे। पार्टी ने दावा किया कि विशाल जनसैलाब और जय किसान, जय स्वाभिमान के नारे इस बात का प्रमाण हैं कि क्षेत्र अपने नेतृत्व और स्वाभिमान के प्रति समर्पित है। समाजवादी पार्टी मीडिया सेल ने इसपर पलटवार किया। आरएलडी के उसी पोस्ट को कोट करते हुए लिखा कि हमें बड़ी तकलीफ हुई थी जब भाजपा ने आपको दौड़ा-दौड़ा कर गन्ना दिया था। जब भाजपा सरकार ने आपको गन्ना दिया था तब हमने भी आपको गन्ना पड़ने से बचाया था, मदद की थी, आवाज उठाई थी। 2022 में हमीं थे, जिन्होंने आपको गन्ना लायक बनाया था, आपने तो पूरी कौम के साथ धोखा कर दिया। जिस भाजपा ने स्वाभिमानी जाट बिरादरी पर किसान आंदोलन में अत्याचार किया था, उस जाट समाज को आपने भाजपा के हाथों बेच दिया। आज आप गन्ना-गन्ना चिल्ला रहे हैं? वहीं अखिलेश यादव ने सीधे नाम लिए बिना भाजपा और उसके साथियों पर निशाना साधा। उन्होंने पोस्ट किया कि जनता भाजपा और उनके साथियों का XYZ करने का ठान चुकी है। कौन है अपना और कौन पराया जनता ये जान चुकी है। सच्चाई तो ये है कि रामघाती और जनघाती भाजपा के खिलाफ उमड़ा देशव्यापी जनाक्रोश देखकर भाजपा का हर साथी भाजपा से पल्ला छुड़ाना चाहता है और कहीं और जुड़ना चाहता है लेकिन अब सबके दरवाजे उनके लिए बंद हो चुके हैं। अखिलेश ने किसानों के मुद्दे पर भी भाजपा सरकार और सहयोगियों को घेरा।