मथुरा में दरोगा ने माथे पर गोली मारकर जान दी:यमुना किनारे वर्दी में मिला शव; पास पड़ी थी सर्विस पिस्टल, पत्नी सिपाही

मथुरा में तैनात एक दरोगा ने गुरुवार दोपहर खुद को गोली मारकर जान दे दी। उनका शव गोकुल बैराज के पास यमुना नदी किनारे वर्दी में मिला। पास में उनकी सर्विस पिस्टल पड़ी थी। सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और सबूत जुटाए। शव का पोस्टमॉर्टम कराया। दरोगा की शिनाख्त पंकज कुमार (31) के रूप में हुई। वे मथुरा एसपी ट्रैफिक के पेशकार थे। 30 जून 2019 को नौकरी जॉइन की थी। पंकज की पत्नी दीप्ति सिपाही हैं। इस वक्त उनकी तैनाती मथुरा सदर थाने में है। SSP श्लोक कुमार ने बताया कि पंकज ने आज ही अपनी सर्विस पिस्टल जारी कराई थी, जिससे उन्होंने खुद को आत्महत्या की। वह गुरुवार दोपहर ड्यूटी से घर गए थे। कुछ देर बाद वर्दी में घर से निकले और रास्ते में खुद को गोली मार ली। गोली उनके माथे के बीचों-बीच लगी थी। करीब 3:45 बजे राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। घटना की जानकारी मिलते ही पत्नी दीप्ति भी मौके पर पहुंचीं। पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है। 3 तस्वीरें देखिए… सुबह घर में विवाद हुआ, मां नाराज होकर कहीं चली गईं थीं दरोगा पंकज कुमार एटा जिले के पिलुआ थाना क्षेत्र के भोजपुर गांव के रहने वाले थे। वह मथुरा के दामोदरपुरा स्थित दाऊजीधाम कॉलोनी में परिवार के साथ रहते थे। परिवार में पत्नी दीप्ति, बेटी जीवा (3), मां और पिता राजवीर सिंह हैं, जो अमीन के पद से रिटायर्ड हैं। वह 3 भाइयों में सबसे छोटे थे। पंकज कॉलोनी में प्लॉट लेकर मकान बनवा रहे थे। बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह घर में विवाद हुआ था। इसके बाद उनकी मां नाराज होकर कहीं चली गईं। पत्नी दीप्ति उनकी तलाश कर रही थीं। इसी दौरान पंकज ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। माथे से सिर के पार हुई गोली, पास में पड़ी थी सर्विस पिस्टल पंकज ने जन्माष्टमी में वीआईपी ड्यूटी लगने की संभावना बताते हुए सरकारी पिस्टल लेने के लिए अधिकारियों को आवेदन दिया था। गुरुवार दोपहर उन्होंने पुलिस कार्यालय से पिस्टल ली थी। पंकज का शव यमुना नदी किनारे बैठने की स्थिति में था। वह वर्दी पहने हुए थे। उनके बाएं हाथ की तरफ जमीन पर सर्विस पिस्टल पड़ी थी। जेब से दो मोबाइल फोन मिले हैं। पुलिस के मुताबिक, गोली माथे से सिर के पार हुई है। मोबाइल की जांच अभी की जानी है। आखिरी कॉल या मैसेज किसका था, इसकी जानकारी फिलहाल नहीं मिली है। घटनास्थल के आसपास CCTV कैमरे भी नहीं लगे हैं। पुलिस का कहना है कि पूछताछ और वैज्ञानिक सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। सहकर्मियों के मुताबिक, दरोगा का व्यवहार सामान्य था। हाल में उनके व्यवहार में किसी तरह के बदलाव की जानकारी सामने नहीं आई थी। देर शाम पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजन को सौंपा गया। …………………….. ये खबर भी पढ़िए… आगरा में पिता ने की बेटी की हत्या:प्रेम प्रसंग से नाराज था, सिर और गले पर किए कई वार; खुद पुलिस को सूचना दी आगरा में प्रेम प्रसंग से नाराज पिता ने अपनी बेटी की लोहे के औजार से हमला कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने खुद पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और एसीपी मौके पर पहुंच गए तथा जांच शुरू कर दी। पूरी खबर पढ़िए…