गाजियाबाद में सूर्या चौहान हत्याकांड के 5 दिन बाद भी खोड़ा का बाजार बंद है। सूर्या का बीमार बड़ा भाई यश चौहान लोगों से बार-बार सिर्फ एक सवाल पूछ रहा- “सूर्या नहीं आएगा क्या?” और फिर खुद ही दबी जुबां में कहता- “सूर्या चला गया…।” इसी गम और गुस्से के बीच खोड़ा में 5वें दिन भी सन्नाटा पसरा है। बकरीद पर चाकू से हमला कर सूर्या को मारे जाने के बाद मुस्लिम व्यापारियों की दुकानें दहशत में नहीं खुलीं, जबकि हिंदू व्यापारियों का कहना है कि कारोबार से ज्यादा जरूरी सूर्या को न्याय दिलाना है। एनकाउंटर में मारे गए मुख्य आरोपी असद के घर पर बुलडोजर चले। पहले सूर्या को इंसाफ मिले, दुकानें तो बाद में देखेंगे। व्यापारियों से बातचीत और वहां के हालातों पर पढ़िए दैनिक भास्कर की ग्राउंड रिपोर्ट… 2 तस्वीरें देखिए- सूर्या की मां की तबीयत बिगड़ी, 400 जवान तैनात दरअसल, बकरीद के दिन (28 मई) खोड़ा में असद और उसके साथियों ने सूर्या की चाकू मारकर हत्या कर दी थी। रविवार (31 मई) तड़के पुलिस ने असद को एनकाउंटर में मार गिराया था। पुलिस ने साजिश रचने के आरोप में असद के पिता नवाब समेत 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पांचवां आरोपी अभी फरार है। खोड़ा में आज 5वें दिन बाद भी सन्नाटा पसरा है। मुख्य मार्ग पर पुलिस ने बैरियर लगा रखा है। यहां पुलिस और RRF तैनात है। हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए सूर्या चौहान के घर तक पहुंच रहे हैं। सूर्या की मां सरोज की तबीयत खराब हो गई है। बेटे की मौत के बाद मां लगातार बेसुध हो रही हैं। सोमवार को हरिद्वार में गंगा में सूर्या की अस्थियां विसर्जित की गईं। इसके बाद घर के बाहर सूर्या की तस्वीर रखी गई, जहां आने-जाने वाले लोगों ने फूल चढ़ाकर श्रद्धांजलि दी। सुरक्षा के लिहाज से खोड़ा में सूर्या के घर के 1 किमी दायरे में एक कंपनी RRF, पुलिस समेत 400 जवान तैनात हैं। भाजपा नेता बोले- सभी बराबर दोषी, सबके घर तोड़े जाएं भाजपा नेता हरेंद्र सिंह पीड़ित परिवार को लंबे समय से जानते हैं। उन्होंने कहा कि असद की तरह फरार आरोपी का भी एनकाउंटर हो। इस हत्याकांड में जो भी शामिल हैं, सभी के घर टूटने चाहिए। सूर्या को मारने में सभी बराबर के दोषी हैं। जितना दोषी चाकू मारने वाला है, उतना ही दोषी हाथ पकड़ने वाला और पैर पकड़ने वाला है। सभी ने पूरी प्लानिंग के तहत सूर्या को मारा है। सभी हत्यारों को बराबर सजा मिले। मकान मालिक बोले- पिता की मौत के बाद बीमार हुआ यश सूर्या चौहान का परिवार किराए के मकान में रहता है। मकान मालिक पवन ने बताया- 15 साल से हम जानते हैं। पांच साल से यह परिवार हमारे यहां रह रहा है। करीब डेढ़ साल पहले सूर्या के पिता की बीमारी से मौत हो गई। उसके बाद ही सूर्या के बड़े भाई यश चौहान की तबीयत खराब रहने लगी। यश चौहान को कभी भी दौरे आने शुरू हो जाते हैं। उसका दिल्ली के जीटीबी अस्पताल से इलाज चल रहा है। बार-बार सूर्या की मम्मी सरोज कह रहीं हैं कि जो कामयाब था, वही बेटा चला गया। व्यापारी बोले- दुकान कैसे खोलें, हमें सुरक्षा मिले व्यापारी गौतम सिंह ने कहा- 4 दिन बाजार बंद रह चुका है। आगे भी बंद रख लेंगे। इतनी बड़ी घटना हो गई, दुकान खोलने की किसी की हिम्मत नहीं रही। मुस्लिम व्यापारियों की दुकानें भी बंद हैं। हमारी यही मांग है कि बाजार में सभी को सुरक्षा मिले। जिस तरह से सूर्या की हत्या की गई है, ऐसे तो किसी को भी बीच सड़क पर मार देंगे। इसलिए व्यापारियों को सुरक्षा चाहिए। कुमकुम मिश्रा बोली- सभी आरोपियों के घर बुलडोजर चले स्थानीय कुमकुम मिश्रा का कहना है कि हमारी रेडीमेड कपड़ों की दुकान है। बाजार बंद से कितना भी नुकसान हो जाए, लेकिन पहले न्याय चाहिए। पहले सूर्या को न्याय मिले। हत्या करने वाले जितने भी लोग रहे हैं, सभी का एनकाउंटर होना चाहिए। जिन्होंने सूर्या को मारा है, सभी के घर पर बुलडोजर चलना चाहिए। सूर्या हत्याकांड के सभी आरोपियों का प्रोफाइल जानिए… सोमवार को दिनभर क्या हुआ, पॉइंट्स में जानिए ————————– ये खबर भी पढ़िए- एनकाउंटर में ढेर असद के घर पर बुलडोजर चलेगा: SDM ने नोटिस चिपकाया; सोम बोले- जिहादी भूल गए सरकार किसकी गाजियाबाद में 11वीं के छात्र सूर्या चौहान की हत्या के आरोपी असद के घर पर बुलडोजर चलेगा। सोमवार को प्रशासन की टीम असद के घर पहुंची। घर के गेट पर ताला लगा था। इसके बाद एसडीएम ने अवैध कब्जा करके घर बनाने का नोटिस दरवाजे पर चिपकाया। इसमें कहा गया कि जिस जमीन पर मकान बना है, उस पर अवैध कब्जा किया गया है। असद के पिता नवाब को 15 दिनों के भीतर एसडीएम कार्यालय में अपना जवाब देना होगा। साथ ही अवैध कब्जा खुद हटाने के लिए भी कहा गया है। पढ़ें पूरी खबर…