स्कॉर्पियो को ट्रक ने टक्कर मारी, 4 की मौत:15 फीट की कार पिचककर 7 फीट की बची, विंध्याचल से काशी लौट रहे थे

वाराणसी में ट्रक और स्कॉर्पियो की टक्कर में 4 लोगों की मौत हो गई। जबकि, 2 गंभीर घायल हैं। हादसा सोमवार तड़के 5 बजे प्रयागराज-वाराणसी हाईवे (NH-19) के ओवरब्रिज पर हुआ। तेज रफ्तार ट्रक ने आगे चल रही स्कॉर्पियो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि 15 फीट की कार 7 फीट की रह गई। आधा हिस्सा गायब हो गया। सड़क पर मांस पर लोथड़े फैल गए। 2 लोग कार के अंदर सीटों के बीच चिपक गए। एक शख्स ओवरब्रिज से 30 फीट नीचे सड़क पर गिरा। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने गैस कटर से गाड़ी काटकर अंदर फंसे लोगों को निकाला। कार (UP 65 EB 2199) में 6 लोग सवार थे। सभी विंध्याचल से दर्शन कर वापस काशी लौट रहे थे। मृतकों में अमन यादव, गोलू और आलोक मिश्रा शामिल हैं। एक शख्स की पहचान अब तक नहीं हो पाई है। घायलों की पहचान कन्हैया यादव और निखिल कुमार के रूप में हुई है। हादसा जिला मुख्यालय से 27 किमी दूर मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के रूपापुर गांव के पास हुआ। हम खबर को लगातार अपडेट कर रहे हैं…