8 लाख में सुपर कार जैसी कांवड़ बनवाई, VIDEO:सांसद इमरान मसूद ने प्रसाद बांटा, बेटी को कांवड़ पर बैठाकर निकला पिता

यूपी की सड़कों पर कांवड़ियों की भीड़ है। कुछ हरिद्वार से गंगाजल लेने जा रहे हैं, तो कुछ वहां से लौट रहे हैं। शनिवार को मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा- 2026 की सबसे चर्चित ‘मैक्लारेन कांवड़’ पहुंची। 8 लाख रुपए की लागत से बनी इस डमी सुपर कार पर महादेव विराजमान हैं। सहारनपुर में कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कांवड़ सेवा शिविर का उद्घाटन किया और शिवभक्तों को प्रसाद बांटा। बरेली में डीएम अविनाश सिंह ने कांवड़ यात्रा के चलते सावन के हर सोमवार को स्कूल-कॉलेज और अन्य शिक्षण संस्थान बंद रखने का आदेश जारी किया है। हरियाणा के रोहतक से आए 8 शिवभक्त 13 फीट ऊंची कांवड़ के साथ शामली पहुंचे। बुलंदशहर का रहने वाला 12 साल का अभिषेक हरिद्वार से 41 लीटर गंगाजल लेकर निकला है। अलीगढ़ के किसान संजय उर्फ संजू बाबा अपनी 8 साल की बेटी राधा और 7 साल की भांजी देवांशी को अलग-अलग कांवड़ों में बैठाकर हरिद्वार से पैदल यात्रा कर रहे हैं। उनका कहना है कि इस यात्रा का उद्देश्य बेटियों के सम्मान, संस्कार और धर्म-रक्षा का संदेश देना है। 19 जुलाई को यात्रा शुरू करने के बाद उन्होंने 22 जुलाई को हर की पौड़ी से गंगाजल उठाया और अब बारी-बारी से दोनों कांवड़ उठाकर गांव की ओर बढ़ रहे हैं। इधर, कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस अलर्ट है। सड़कों से लेकर सोशल मीडिया तक 24 घंटे निगरानी की जा रही है। कांवड़ मार्गों पर CCTV और AI कैमरे लगाए गए हैं। सावन के पहले सोमवार को सादी वर्दी में भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। मेरठ जोन में कांवड़ मार्गों पर शराब और नॉन-वेज की दुकानें बंद करा दी गई हैं। कांवड़ की 2 तस्वीरें- अब ग्राफिक्स में जानिए कांवड़ यात्रा के बारे में यूपी में कांवड़ यात्रा से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए-